बक्सर: खेत में मिला अधेड़ का शव, कुछ दूर पड़ी थी चप्पल, मौत की गुत्थी ने पुलिस को उलझाया

बक्सर के सोवा गांव में अधेड़ का शव मिलने से सनसनी। शव और चप्पल अलग-अलग जगह मिलने से हत्या की साजिश की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।

Buxar News : बक्सर जिला के सोवा गांव के पश्चिमी बधार में सोमवार की सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान नोनियापुरा गांव निवासी करीब 50 वर्षीय रमई केवट के रूप में हुई है. शव से कुछ दूरी पर उसकी चप्पल मिलने के बाद मामला और उलझ गया है. पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि रमई की मौत घटनास्थल पर ही हुई या किसी दूसरे स्थान पर मौत के बाद शव को बधार में लाकर छोड़ा गया. फिलहाल मौत के कारण की पुष्टि नहीं हुई है.

खेत की ओर जा रहे लोगों ने देखा शव

बताया जाता है कि सोमवार की सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर बधार में पड़े शव पर पड़ी. शव मिलने की खबर कुछ ही देर में आसपास के गांवों में फैल गयी और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. ग्रामीणों ने इसकी सूचना कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस को दी.

शव से कुछ दूरी पर मिली चप्पल

सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल और शव के आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की. इसी दौरान शव से कुछ दूरी पर मृतक की चप्पल मिली. चप्पल का अलग स्थान पर मिलना पुलिस की जांच का अहम बिंदु बन गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चप्पल वहां किस परिस्थिति में पहुंची.

करंट लगने की जतायी जा रही आशंका

शव की स्थिति और शरीर पर मिले निशानों को देखते हुए फिलहाल करंट लगने से मौत की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि पुलिस ने मौत के कारण को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है. करीब दो दिन पुराना शव होने का अनुमान लगाया जा रहा है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल, बक्सर भेज दिया है. थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आयेगी. फिलहाल घटनास्थल, आसपास के इलाके और मौत से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >