Mahananda Express : पटना-डीडीयू रेलमार्ग पर आरा जंक्शन के पास रविवार सुबह बड़ा हादसा टल गया. अप महानंदा एक्सप्रेस की एक बोगी के दो पहिए पटरी से उतर गए. घटना के बाद अप लाइन पर रेल परिचालन करीब दो घंटे तक बाधित रहा.
आरा स्टेशन से खुलने के बाद हुआ हादसा
बताया जाता है कि ट्रेन आरा स्टेशन से खुलने के बाद कुछ ही दूरी पर बेपटरी हो गई. अचानक झटका लगने से बोगी में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई. हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया.
कई ट्रेनें हुईं विलंबित
महानंदा एक्सप्रेस के बेपटरी होने से पटना-डीडीयू मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ. विभूति एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें विलंब से चलीं. कई यात्रियों की ट्रेन छूट गई, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा.
तकनीकी खराबी को माना जा रहा कारण
आरा आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि बोगी को पटरी पर लाने के बाद रेल परिचालन सामान्य कर दिया गया है. रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी को हादसे का कारण माना जा रहा है.
