बक्सर: जीविका के नव नियुक्त कर्मियों को मिला साइबर सुरक्षा का प्रशिक्षण, डिजिटल ठगी से बचाव के बताए तरीके

बक्सर में जीविका के नव नियुक्त कर्मियों के लिए साइबर सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित, डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर दी गई जानकारी।

Buxar News : जीविका बक्सर एवं जीविका रोहतास के नव नियुक्त कर्मियों के लिए नगर के दो होटलों में आयोजित सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को साइबर सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया. प्रशिक्षण 21 से 27 अगस्त 2026 तक होटल एमजी रेजिडेंसी एवं होटल तिलक, बक्सर में चल रहा है. सत्र में कर्मियों को बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए.

साइबर अपराध के तरीकों से कराया अवगत

नाइलीट बक्सर के निदेशक जीतेंद्र कुमार सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी. उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, पासवर्ड एवं ओटीपी की सुरक्षा, फिशिंग लिंक और संदिग्ध संदेशों की पहचान के बारे में विस्तार से बताया. साथ ही डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की अपील की.

डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए जरूरी है जागरूकता

जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका बक्सर दयानिधि चौबे ने नाइलीट बक्सर के निदेशक जीतेंद्र कुमार सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में प्रत्येक कर्मी के लिए साइबर सुरक्षा की समझ जरूरी है. जीविका के कार्यों में डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीकी प्रणालियों का उपयोग लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में कर्मियों का डिजिटल रूप से जागरूक और सुरक्षित होना बेहद महत्वपूर्ण है.

आधुनिक तकनीकी चुनौतियों से निपटने में मिलेगी मदद

दयानिधि चौबे ने कहा कि नाइलीट की ओर से नव नियुक्त कर्मियों के क्षमता निर्माण में दिया जा रहा प्रशिक्षण उन्हें आधुनिक तकनीकी चुनौतियों को समझने और उनसे निपटने में मदद करेगा. साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी का लाभ कर्मियों को कार्यक्षेत्र के साथ निजी डिजिटल जीवन में भी मिलेगा.

अधिकारियों और प्रशिक्षणार्थियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में जहानाबाद से सामुदायिक वित्त प्रबंधक दिनेश, जीविका बक्सर से मानव संसाधन प्रबंधक सागर, रोजगार प्रबंधक भोलानाथ पांडेय, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन प्रबंधक सीपी सिंह समेत अन्य अधिकारी और प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे. साइबर सुरक्षा पर आयोजित विशेष सत्र में प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.

फोटो- प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल नव नियुक्त जीविका कर्मी | Prabhat Khabar Network
फोटो- प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल नव नियुक्त जीविका कर्मी | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By आशुतोष सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >