बक्सर: इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग पर छठे दिन भी धरना जारी, रेल चक्का जाम की कोशिश; आरपीएफ ने रोकी

Buxar Protest Intensifies : इटाढ़ी रेलवे गुमटी खोलने की मांग को लेकर बक्सर में अनिश्चितकालीन धरना जारी है, जो अब छठे दिन में प्रवेश कर चुका है. आंदोलनकारियों ने रेल चक्का जाम करने की चेतावनी दी है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

Buxar Protest Intensifies : बक्सर में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को खोलने की मांग को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को छठे दिन भी जारी रहा. आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन तेज कर दिया है और चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा.

ट्रैक पर बैठने की कोशिश, आरपीएफ ने रोका

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आंदोलनकारी इटाढ़ी रेलवे गुमटी पहुंचकर रेलवे ट्रैक पर बैठकर रेल चक्का जाम करने का प्रयास करने लगे. हालांकि, मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने उन्हें ट्रैक पर जाने से रोक दिया. इस दौरान आंदोलनकारियों और आरपीएफ के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और रेल परिचालन बाधित नहीं हुआ.

Buxar News : ज्ञापन सौंपकर उठाई मांग

इसके बाद आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन पूर्व मध्य रेल, दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), जिला पदाधिकारी बक्सर, स्टेशन प्रबंधक बक्सर, रेल थाना बक्सर और अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर को सौंपा. ज्ञापन में इटाढ़ी रेलवे गुमटी को जल्द से जल्द खोलने की मांग करते हुए आम लोगों को हो रही परेशानियों का उल्लेख किया गया.

11 दिन बाद फिर चक्का जाम की चेतावनी

धरना की अध्यक्षता कर रहे जिला दलित अति पिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के जिला संयोजक सरोज राजभर ने कहा कि यदि जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो 11 दिन बाद फिर से रेल चक्का जाम किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी दी कि अगला आंदोलन पहले से ज्यादा उग्र होगा और इसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे.

बड़ी संख्या में लोग शामिल

धरना स्थल पर स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई. आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक इटाढ़ी रेलवे गुमटी को नहीं खोला जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग लगातार की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish mishra

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >