Buxar News: बिहार सरकार के शिक्षा विभाग (माध्यमिक शिक्षा निदेशालय) ने सरकारी विद्यालयों के संचालन की समय-सारणी में आंशिक संशोधन किया है. माध्यमिक शिक्षा निदेशक सज्जन आर द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार अब सोमवार से शुक्रवार तक विद्यालय पूर्ववत सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक चलेंगे, जबकि शनिवार को हाफ डे (अर्द्धदिवसीय) रहेगा. नए आदेश के मुताबिक शनिवार को विद्यालय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक ही संचालित होंगे. शिक्षा विभाग द्वारा यह बदलाव करीब ढाई साल के अंतराल के बाद किया गया है.
कक्षा 1 से 8 तक के लिए शनिवार की समय-सारणी
प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों (वर्ग 1 से 8) में शनिवार को निर्धारित शैक्षणिक गतिविधियां और कक्षाएं दोपहर 12:00 बजे तक ही संचालित की जाएंगी. इसके बाद 12:00 बजे से 12:40 बजे तक मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) कराया जाएगा, जिसके उपरांत छोटे बच्चों को छुट्टी दे दी जाएगी.
माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालयों का समय और शिक्षकों के निर्देश
माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में भी शनिवार को अध्यापन कार्य और अन्य निर्धारित गतिविधियां दोपहर 1:00 बजे तक ही होंगी, जिसके बाद छात्र-छात्राओं को अवकाश दे दिया जाएगा. इसके साथ ही शिक्षकों के लिए भी निर्देश जारी किया गया है कि प्रतिदिन कक्षाएं समाप्त होने के बाद शिक्षकों को 1 घंटा अतिरिक्त समय देना होगा. इस अवधि में शिक्षक अगले दिन और पूरे सप्ताह की पाठ्य योजना (Lesson Plan) तैयार करेंगे, मूल्यांकन कार्य करेंगे, शिक्षक डायरी अपडेट करेंगे, गृह कार्य जांचेंगे तथा प्रयोगशाला प्रबंधन जैसे कार्य निपटाएंगे. आवश्यकतानुसार कमजोर छात्रों के लिए रेमेडियल कक्षाएं भी इसी अवधि में आयोजित की जाएंगी. ये सभी कार्य पूरा करने के बाद ही शिक्षक विद्यालय से प्रस्थान कर सकेंगे. शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को इस नए आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है.
