Buxuar News : प्रखंड के राजकीय डिग्री कॉलेज केसठ का संचालन फिलहाल प्लस टू हाई स्कूल रघुनाथपुर से शुरू कर दिया गया है. सरकार एवं शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में गुरुवार को कॉलेज का विधिवत उद्घाटन किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से कॉलेज का उद्घाटन किया. कार्यक्रम में जिलाधिकारी साहिला मुख्य रूप से मौजूद रहीं.
ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्घाटन के साथ ही कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां शुरू कर दी जाएंगी. सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए काफी लाभकारी साबित होगी. उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के कॉलेजों का रुख नहीं करना पड़ेगा. छात्राओं के आवागमन के लिए पिंक बस की सुविधा भी उपलब्ध करायी जाएगी.
पांच विषयों के शिक्षकों की हुई प्रतिनियुक्ति
प्राचार्य कृष्णाकांत सिंह ने बताया कि प्रथम चरण में पांच विषयों के शिक्षकों एवं एक लिपिक की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है, जिससे नियमित शैक्षणिक गतिविधियां सुचारु रूप से संचालित होंगी.
288 सीटों पर जारी है नामांकन
प्राचार्य ने बताया कि कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया जारी है. कुल 288 सीटें निर्धारित की गयी हैं, जिनमें पहली सूची के आधार पर 72 विद्यार्थियों का नामांकन हो चुका है. कॉलेज के शुभारंभ से छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में वरीय उपसमाहर्ता आलोक कुमार वत्स, अनुमंडलाधिकारी राकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि प्रो. शंभु शरण शर्मा, बीडीओ विजय कुमार सौरभ, सीओ अभिषेक गर्ग, बीईओ राजेश राम, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष विद्या भारती, केसठ पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार सिंह उर्फ गामा पहलवान, पूर्व संकुल समन्वयक मनोज कुमार सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
