Buxar News : बक्सर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में रविवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से 50 वर्षीय मजदूर किसान विजय सिंह की मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
खेत में काम करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विजय सिंह मजदूरी और खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. रविवार को इस सीजन की पहली बारिश के दौरान सुबह करीब 9 बजे वह धान की रोपनी से पहले खेत की तैयारी करने गए थे.
इसी दौरान तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गए.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस अस्पताल पहुंची. थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विजय सिंह की आय का मुख्य स्रोत मजदूरी और खेती थी. उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है.
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं.
