Buxar Farmer Death : बक्सर जिला के सिकरौल थाना क्षेत्र के हरोजा गांव स्थित बधार में टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान गांव निवासी सुखराज राम के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है.
Buxar News : खेत जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सुखराज राम रविवार को अपने खेत में काम करने जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में पहले से टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गए. करंट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में खेत पहुंचे, जहां उनका शव पड़ा मिला.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही सिकरौल थानाध्यक्ष दिलीप यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसान की मौत बिजली करंट की चपेट में आने से हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
बिजली विभाग पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताई. उनका कहना है कि पंचायत के कई गांवों में बिजली के तार जर्जर, टूटे और नीचे लटके हुए हैं. कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण एक किसान की जान चली गई और जर्जर बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की.
