Buxar News : अनुमंडल क्षेत्र के चौगाई प्रखंड के ठोरी पांडेयपुर गांव स्थित ठाकुर सिंह के डेरा, वार्ड संख्या-6 में बिजली उपभोक्ता वर्षों से बिजली के खंभे के अभाव में बांस-बल्ले के सहारे बिजली का उपयोग करने को मजबूर हैं. ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द खंभे लगाकर सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.
खंभा नहीं, बांस के सहारे घरों तक पहुंच रही बिजली
स्थानीय उपभोक्ता श्याम प्रकाश सिंह, संजय यादव, विजय यादव, जवाहिर यादव, आदित्य, सुरेश, श्याम बिहारी, कृष्णा, गोरख और बिट्टू ने बताया कि ट्रांसफार्मर से घरों तक बिजली पहुंचाने के लिए बिजली कंपनी की ओर से आज तक खंभे नहीं लगाए गए हैं. ऐसे में मजबूरीवश बांस-बल्ले और अन्य अस्थायी सहारों के जरिए तार लटकाकर बिजली का उपयोग किया जा रहा है.
बिल समय पर जमा, फिर भी नहीं मिली सुविधा
ग्रामीणों का कहना है कि सभी उपभोक्ता नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं. इसके बावजूद विभाग की ओर से मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है. इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को मौखिक रूप से जानकारी भी दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई.
बरसात में बढ़ जाता है हादसे का खतरा
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के तार नीचे लटके रहने से हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. खासकर बरसात के मौसम में करंट फैलने का खतरा और अधिक बढ़ जाता है, जिससे जान-माल की सुरक्षा को लेकर लोग चिंतित रहते हैं.
2009 से नहीं लगे बिजली के खंभे
उपभोक्ता श्याम प्रकाश सिंह ने बताया कि वर्ष 2009 से ही बांस के सहारे घरों तक बिजली पहुंचाई जा रही है. करीब 16 वर्ष बीत जाने के बाद भी बिजली विभाग ने वार्ड में खंभे लगाने की दिशा में कोई पहल नहीं की है.
ग्रामीणों ने की शीघ्र कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से अविलंब बिजली के खंभे लगाकर सुरक्षित और व्यवस्थित विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे संभावित हादसों पर रोक लगेगी और लोगों को सुरक्षित बिजली सुविधा मिल सकेगी.
Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत
