प्रतिनिधि, डुमरांव. डुमरांव थाना क्षेत्र के रजडीहा सब्जी मार्केट के समीप शुक्रवार को पुलिस ने शराब लदी ब्रेजा कार को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने कार से 15 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की है. बरामद शराब की कुल मात्रा 129.60 लीटर बतायी गयी है.
गिरफ्तार चालक की हुई पहचान
गिरफ्तार चालक की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के केशोपुर गांव निवासी जितेंद्र यादव, पिता कामेश्वर यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर कार को जब्त कर लिया.
गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ब्रेजा कार में शराब की खेप भरकर रजडीहा के रास्ते सिमरी की ओर ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रजडीहा सब्जी मंडी के समीप वाहन जांच शुरू कर दी.
कार की डिक्की से मिली 15 पेटी अंग्रेजी शराब
वाहन जांच के दौरान पुलिस को एक ब्रेजा कार आती दिखाई दी. पुलिस ने कार को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 15 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई. बरामद शराब 8 पीएम फ्रूटी पैक 180 एमएल की है.
चालक के पास से तीन मोबाइल भी बरामद
पुलिस ने चालक जितेंद्र यादव को गिरफ्तार करने के साथ उसके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किये हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लायी गयी थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
मद्यनिषेध अधिनियम के तहत भेजा गया जेल
पुलिस ने गिरफ्तार चालक को मद्यनिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया. थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
ALSO READ : बक्सर में प्रवेश करते ही दिखेगा गौरवशाली इतिहास, गोलंबर की दीवारों पर उकेरे जाएंगे रामायण काल के प्रसंग
