बक्सर: डुमरांव ग्रिड में कल बुधवार को पहुंचेगा 80 MVA का नया ट्रांसफार्मर, जानें कब तक मिलेगी बिजली संकट से राहत

डुमरांव ग्रिड में नया 80 एमवीए ट्रांसफार्मर आज पहुंचेगा। विभाग के अनुसार 10 दिनों में बिजली व्यवस्था सामान्य होने की पूरी उम्मीद है।

Buxar News : डुमरांव ग्रिड के 80 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से अनुमंडल क्षेत्र में जारी बिजली संकट से अब जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. खराब ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया 80 एमवीए का पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा. अटलांटा कंपनी की ओर से नया ट्रांसफार्मर हरनौत से डुमरांव के लिए रवाना कर दिया गया है. विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को इसके डुमरांव ग्रिड पहुंचने की संभावना है.

गारंटी अवधि में खराब हुआ था ट्रांसफार्मर

सहायक विद्युत अभियंता, कोरानसराय अर्जुन वर्मा ने बताया कि डुमरांव ग्रिड में लगा पुराना 80 एमवीए का ट्रांसफार्मर करीब आठ माह पहले ही स्थापित किया गया था. अचानक इसमें तकनीकी खराबी आ गयी. अटलांटा कंपनी के मैकेनिकों ने खराबी दूर करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. ट्रांसफार्मर अभी गारंटी अवधि में था, इसलिए कंपनी उसे अपने साथ ले गयी है और उसके स्थान पर नया 80 एमवीए का ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया है.

स्थापना के बाद टेस्टिंग और चार्जिंग की होगी प्रक्रिया

अधिकारियों के अनुसार, नया ट्रांसफार्मर मंगलवार को हरनौत से डुमरांव के लिए रवाना हो चुका है और बुधवार तक ग्रिड पहुंच सकता है. ट्रांसफार्मर पहुंचने के बाद उसे ग्रिड में स्थापित करने के साथ टेस्टिंग और चार्जिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. विभाग का कहना है कि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो करीब 10 दिनों में नया ट्रांसफार्मर चालू कर दिया जाएगा. हालांकि लगातार बारिश होने पर काम पूरा होने में दो से चार दिन का अतिरिक्त समय लग सकता है.

डुमरांव समेत कई इलाकों में प्रभावित हुई थी बिजली आपूर्ति

80 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद डुमरांव शहर के अलावा सिमरी, चक्की, केसठ, नावानगर, प्रतापसागर, दलसागर, एकरासी, मुरार, कोरानसराय, चौगाईं और ढकाईच समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी. फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत महाराजगंज और इटाढ़ी ग्रिड से बिजली आपूर्ति की जा रही है.

लंबी दूरी से बिजली आने के कारण लो वोल्टेज की समस्या

वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आपूर्ति जारी रहने के बावजूद लंबी दूरी से बिजली आने के कारण कई इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है. कनीय विद्युत अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. डुमरांव ग्रिड में नया ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद लो वोल्टेज की समस्या में भी सुधार होने की उम्मीद है.

नया ट्रांसफार्मर चालू होते ही सामान्य होगी व्यवस्था

विभाग के अनुसार, नया 80 एमवीए ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद डुमरांव ग्रिड की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पहले की तरह सामान्य हो सकेगी. इससे डुमरांव शहर समेत ग्रिड से जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या कम होने की उम्मीद है. फिलहाल बिजली विभाग की नजर नये ट्रांसफार्मर के डुमरांव पहुंचने और उसके बाद होने वाले स्थापना कार्य पर टिकी है.

क्या कहते हैं एईई

सहायक विद्युत अभियंता कोरानसराय अर्जुन वर्मा ने कहा कि बुधवार को ग्रिड में नया ट्रांसफार्मर पहुंचने की उम्मीद है. इसे स्थापित कर करीब 10 दिनों में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी.

डुमरांव ग्रिड | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार ओझा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >