Buxar News : कुपोषण उन्मूलन कार्यक्रम के तहत गुरुवार को वीर कुंवर सिंह कृषि महाविद्यालय, डुमरांव की ओर से अंगीकृत ग्राम कुल्हावा में पशु स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन की जानकारी देने के साथ ही पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक दवाओं और फीड सप्लीमेंट्स का वितरण किया.
पशुओं के स्वास्थ्य पर दिया गया विशेष जोर
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पारस नाथ के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने पशुपालकों को नियमित अंतः कृमिनाशन, बाह्य परजीवियों के नियंत्रण और संतुलित पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी. साथ ही बारिश के मौसम में पशुओं की देखभाल के उपाय भी बताए गए.
दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के बताए उपाय
वैज्ञानिकों ने कहा कि समय-समय पर कृमिनाशक दवाओं और पोषक पूरकों के उपयोग से पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रहता है. इससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होती है तथा बकरियों सहित अन्य पशुओं की विकास दर भी बेहतर होती है.
पशुपालकों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में शामिल पशुपालकों ने कृषि महाविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता शिविर और प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की.
वैज्ञानिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में डॉ. डी. के. सिंह, डॉ. अंजना अरुण, मिस कुमारी नंदिता, डॉ. अंजली कुमारी, डॉ. प्रियंका कुमारी तथा मिस दीपशिखा सहित महाविद्यालय के वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे.
