Buxar News : जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने मंगलवार को एमपी उच्च विद्यालय, बक्सर में आयोजित 'साइबर मंगलवार' जागरूकता कार्यक्रम में संयुक्त रूप से भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था.
साइबर सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी : डीएम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम साहिला ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है. उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया और इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहने की अपील की. साथ ही उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग या ओटीपी संबंधी जानकारी साझा नहीं करें.
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत : एसपी
एसपी शुभम आर्य ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, ऑनलाइन ठगी से बचने के उपायों और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराएं.
छात्रों ने लिया जागरूकता का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया. सभी छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा के प्रति स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार सिंह, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
