Buxar News : ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ की सोच के तहत जिला प्रशासन बक्सर की ओर से आयोजित जनता दरबार में सोमवार, 31 अगस्त को जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी साहिला के समक्ष रखीं. समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में आयोजित जन सुनवाई के दौरान डीएम ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
जनता दरबार में मिले 110 आवेदन
जन सुनवाई के दौरान कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें 45 आवेदन राजस्व विभाग, 45 आवेदन विकास विभाग तथा 20 आवेदन अन्य विभागों से संबंधित रहे. फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया और उनके समाधान की मांग की.
संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का निर्देश
डीएम साहिला ने सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के पास भेजते हुए मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े.
समय-सीमा में होगा शिकायतों का निष्पादन
जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनके आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए समस्याओं का समाधान समय-सीमा के भीतर, पारदर्शी और न्यायोचित तरीके से किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता बरतने तथा कार्रवाई की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर जोर दिया.
सोमवार और शुक्रवार को आयोजित होता है जनता दरबार
जिला प्रशासन की ओर से ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित किया जाता है. इसका उद्देश्य आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर देना और उनके मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. जिला प्रशासन ने कहा कि जन सुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है.
