Buxar News : बक्सर जिले के केसठ प्रखंड के डिहरा गांव स्थित ऐतिहासिक बावन बिगहा पोखर की वर्षों पुरानी उपेक्षा अब खत्म होने वाली है. निजी कंपनी वरुण बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड (पेप्सी) अपनी कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) योजना के तहत करीब 16 लाख रुपये की लागत से इस ऐतिहासिक पोखर का सौंदर्यीकरण कराएगी.
16 लाख रुपये से होगा विकास कार्य
कंपनी के एचआर हेड शिवेंद्र शुक्ला ने बताया कि बावन बिगहा पोखर के सौंदर्यीकरण पर लगभग 16 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. इस परियोजना की जिम्मेदारी कंपनी ने अपने स्तर पर ली है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा.
साफ-सफाई के साथ बदलेगा पोखर का स्वरूप
परियोजना के तहत पोखर की व्यापक साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और आवश्यक विकास कार्य किए जाएंगे. काम पूरा होने के बाद पोखर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा. इससे स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण भी सुनिश्चित होगा.
पर्यटन और सामाजिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
समाजसेवी अभय सिंह ने बताया कि सौंदर्यीकरण के बाद बावन बिगहा पोखर क्षेत्र का प्रमुख आकर्षण बनेगा. इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन के लिए भी बेहतर वातावरण तैयार होगा.
