Buxar News: बक्सर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में नगर परिषद प्रशासन ने एक महत्वाकांक्षी कदम उठाया है. बड़े महानगरों की आधुनिक तर्ज पर अब फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले वेंडरों और स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए एक ही डिजाइन की प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों की स्थापना और आवंटन किया जाएगा. इस योजना से न सिर्फ शहर की मुख्य सड़कों पर लगने वाले अवैध अतिक्रमण पर प्रभावी लगाम लगेगी, बल्कि युवाओं को संगठित रोजगार मिलेगा और नगर परिषद के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी.
प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रमुख सड़कों का लिया जायजा
कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) कुमार ऋत्विक की इस दूरगामी योजना को धरातल पर उतारने के लिए नगर परिषद के अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण शुरू कर दिया है. प्रशासनिक टीम ने स्टेशन रोड, जेल पइन रोड और न्यायिक पदाधिकारी आवास रोड का सघन मुआयना किया. इन मार्गों पर उपयुक्त स्थानों को चिह्नित करने और वेंडिंग जोन की संभावनाओं को तलाशने के लिए विस्तृत सर्वे का जिम्मा नगर प्रबंधक नीरज झा और रोहित कुमार को सौंपा गया है.
10x8 का आइडियल साइज और डस्टबिन की सुविधा
टाउन प्लानर वंदना तिवारी ने योजना के प्रारूप की जानकारी देते हुए बताया, "दुकानदारों के लिए तैयार होने वाली इन प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों का आइडियल साइज 10x8 फीट निर्धारित किया गया है. स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन को मजबूत रखने के लिए हर दुकान पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन की व्यवस्था रहेगी, जिससे सड़क पर गंदगी न फैले."
वेंडिंग मार्केट का नामकरण और आधुनिक स्ट्रीट लाइट
नगर परिषद की योजना के अनुसार दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया पूरी होते ही पूरे मार्केट परिसर का विधिवत नामकरण किया जाएगा. इसके साथ ही ग्राहकों और दुकानदारों की सुरक्षा तथा सुविधा के लिए क्षेत्र को आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट से सुसज्जित किया जाएगा. इससे शहर का व्यावसायिक स्वरूप निखरेगा और आम नागरिकों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी.
