Buxar News : चौसा-कोचस मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनती जा रही है. सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भरने से मार्ग झील जैसा नजर आ रहा है. बुधवार को जमौली गांव के पास सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे में असंतुलित होकर उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहा माल लदा ट्रक पलट गया. हादसे में चालक और खलासी बाल-बाल बच गए, लेकिन ट्रक के सड़क पर पलटने से दोनों तरफ कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा और लंबा जाम लग गया.
गड्ढे में फंसकर पलटा मालवाहक ट्रक
बताया जाता है कि बारिश के कारण जमौली गांव के समीप सड़क के बीच बने गड्ढे में पानी भर गया था. इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रहा मालवाहक ट्रक गड्ढे में असंतुलित होकर पलट गया. दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गयी. हालांकि हादसे में चालक और खलासी को गंभीर चोट नहीं लगी.
एक साल पहले मरम्मत का दिया गया था भरोसा
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक वर्ष पहले आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में तत्कालीन जिलाधिकारी ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराने की घोषणा की थी. ग्रामीणों के अनुसार, इसके बाद विभाग की ओर से सड़क के गड्ढों में सिर्फ कंक्रीट डालकर खानापूर्ति कर दी गयी. पहली ही बारिश में कंक्रीट बह गया और सड़क की स्थिति फिर जस की तस हो गयी.
दो से ढाई फीट गहरे गड्ढों से बढ़ा खतरा
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर कई जगह दो से ढाई फीट तक गहरे गड्ढे बन चुके हैं. बारिश के बाद इनमें पानी भर जाने से वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. इससे दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है. खासकर भलुहा और जमौली गांव के पास सड़क की स्थिति बेहद खराब बतायी जा रही है.
बक्सर-सासाराम को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग
चौसा-कोचस मार्ग बक्सर और सासाराम जिला मुख्यालयों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है. इस मार्ग से दिन-रात बस, ट्रक समेत हजारों छोटी-बड़ी गाड़ियों का आवागमन होता है. सड़क खराब होने के कारण वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गयी है. कई स्थानों पर हर किलोमीटर के भीतर गड्ढे नजर आ रहे हैं.
इन इलाकों में सड़क की हालत सबसे खराब
कोचाढ़ी, सरेंजा, भलुहा, राजपुर बाजार, नायरा पेट्रोल पंप, करैला डेरा, जमौली, तियरा बघेलवा मोड़ और जलहरा के पास सड़क की स्थिति बेहद दयनीय बतायी गयी है. भलुहा और जमौली के पास गड्ढों के कारण अक्सर वाहन फंसने से जाम की स्थिति बन जाती है.
ग्रामीणों ने स्थायी निर्माण की उठायी मांग
लगातार हो रही परेशानी से स्थानीय निवासियों और राहगीरों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही स्थायी निर्माण कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति जल्द नहीं सुधारी गयी तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
