बक्सर: अंबेडकर चौक पर गुमटी की छत से 15 पुड़िया चरस बरामद, दुकानदार हिरासत में

बक्सर के अंबेडकर चौक पर पुलिस ने छापेमारी कर एक दुकान की छत से 15 पुड़िया चरस बरामद की है। दुकानदार को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

Buxar News : नगर थाना क्षेत्र के व्यस्त अंबेडकर चौक पर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर नशीले पदार्थ की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की. पुलिस ने चौक स्थित एक गुमटीनुमा दुकान की छत से 15 पुड़िया प्रतिबंधित चरस बरामद की. बरामदगी के बाद पुलिस ने दुकान संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस, छत से मिली चरस की पुड़िया

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस को अंबेडकर चौक के आसपास नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संबंधित गुमटी की तलाशी ली. इसी दौरान दुकान की छत पर छुपाकर रखी गयी 15 पुड़िया चरस बरामद हुई.

दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गुमटी संचालक मो. इम्तियाज को हिरासत में लिया है. वह शहर के गजाधरगंज मोहल्ले का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद चरस वहां किसने और किस उद्देश्य से रखी थी.

दुकानदार ने लगाया फंसाने का आरोप

पुलिस पूछताछ में दुकानदार ने नशीले पदार्थ से अपना संबंध होने से इनकार किया है. उसका कहना है कि किसी ने उसे फंसाने की नीयत से चोरी-छिपे गुमटी की छत पर चरस की पुड़िया रख दी. पुलिस उसके इस दावे समेत अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में अभी किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने नहीं आयी है. पुलिस बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत और इससे जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है. जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओंकार नाथ मिश्रा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >