Buxar news: शहर से सटे मुफस्सिल थाना क्षेत्र की टीआरडी रेलवे कॉलोनी में शनिवार देर रात चोरों ने एक रेल कर्मचारी के सरकारी आवास को निशाना बनाते हुए करीब आठ लाख रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद रेलवे कॉलोनी में दहशत का माहौल है.
सोते रहे परिजन, चोर ले उड़े लाखों का सामान
जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोरों ने रेलवे कर्मचारी महेंद्र तिर्की के सरकारी आवास (क्वार्टर संख्या-157-B) में घुसकर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, तीन लाख रुपये नकद और एक कीमती स्मार्टफोन चोरी कर लिया. घटना के समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, जिससे किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी.
सुबह खुली आंख तो उड़े होश
रविवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर की आलमारियों के ताले टूटे मिले और कीमती सामान गायब था. घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है. महेंद्र तिर्की ने मुफस्सिल थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि ने उठाए सवाल
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जय तिवारी ने कहा कि रेलवे कॉलोनी जैसे संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में इस तरह लाखों की चोरी होना पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है.
इसे भी पढ़ें: ड्राइवर ही निकला डेहरी EO का कातिल, IG विकास वैभव ने हत्याकांड का किया खुलासा
