Krishi Transformer Chori: राजपुर प्रखंड के धनसोई थाना क्षेत्र अंतर्गत भरखरा गांव के उत्तर-पूर्व स्थित डेहरिया गांव के बधार से अज्ञात चोरों ने एक कृषि ट्रांसफॉर्मर चोरी कर लिया. घटना की जानकारी बुधवार की सुबह तब हुई, जब किसान खेत की ओर टहलने गये. ट्रांसफॉर्मर गायब देख किसान हैरत में पड़ गये. देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ जुट गयी.
ट्रांसफॉर्मर से तांबा और कीमती सामान निकाला
मिली जानकारी के अनुसार, खेतों में पर्याप्त पानी होने के कारण किसानों ने मोटर चलाना बंद कर रखा था. मंगलवार की शाम किसान खेत देखकर अपने-अपने घर लौट गये थे. देर रात सन्नाटे का फायदा उठाकर अज्ञात चोर गिरोह ने राधेश्याम पांडेय के खेत के पास लगे ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतार लिया.
चोर ट्रांसफॉर्मर से तांबा तथा अन्य कीमती सामान निकालकर उसके बाकी पार्ट्स को खेत में इधर-उधर फेंककर चले गये.
हर खेत तक बिजली योजना के तहत लगा था ट्रांसफॉर्मर
किसानों ने बताया कि सरकार की 'हर खेत तक बिजली' योजना के तहत यह ट्रांसफॉर्मर लगाया गया था. इसकी मदद से किसानों को समय पर धान की रोपाई और सिंचाई करने में सुविधा मिली थी.
अब ट्रांसफॉर्मर चोरी हो जाने से खेतों का पानी सूखते ही सिंचाई का संकट खड़ा होने की चिंता किसानों को सताने लगी है.
पहले भी तार चोरी की हो चुकी है घटना
घटना से आक्रोशित किसान शंकर पांडेय, पंचदेव पटेल, शीरी कोइरी, सूरज गुप्ता, संतोष पटेल, जय प्रकाश पटेल समेत अन्य ग्रामीणों ने तीव्र विरोध जताया.
किसानों का कहना है कि कुछ महीने पहले भी चोरों ने बिजली के खंभों से तार चोरी की थी, जिसका सुराग पुलिस आज तक नहीं लगा सकी है. अब ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटना ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है.
पुलिस ने शुरू की छानबीन, सर्च अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही धनसोई थानाध्यक्ष विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी. घटना के बाद धनसोई और राजपुर थाना पुलिस अलर्ट मोड में है.
दोनों सीमावर्ती क्षेत्रों के विभिन्न गांवों में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
