बक्सर में 6 लाख की लूटकांड का 48 घंटे में खुलासा, थानाध्यक्ष चंदन कुमार को SP ने किया सम्मानित

Buxar News: बक्सर के नया भोजपुर थाना क्षेत्र में बकरा व्यवसायी से हुई छह लाख रुपये की लूट का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया है. इस बड़ी सफलता के लिए एसपी शुभम आर्य ने थानाध्यक्ष चंदन कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.

डुमरांव से सुजीत कुमार ओझा की रिपोर्ट :
Buxar News:
नया भोजपुर थाना क्षेत्र में हुए छह लाख रुपये के चर्चित लूटकांड का महज 48 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. इस सराहनीय और त्वरित कार्रवाई के लिए नया भोजपुर थाना के थानाध्यक्ष चंदन कुमार को पुलिस अधीक्षक (SP) शुभम आर्य द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है. हाल ही में आयोजित मासिक क्राइम मीटिंग के दौरान एसपी ने एसएचओ की कार्यकुशलता, तत्परता और पेशेवर जांच की खुले दिल से प्रशंसा की और उन्हें प्रशस्ति पत्र संख्या-4337 प्रदान किया. पुलिस की इस सफलता से पूरे महकमे में खुशी का माहौल है.

कर्ज लेकर जा रहे बकरा व्यवसायी से हुई थी लूट

घटना के संबंध में बताया जाता है कि डुमरांव के रहने वाले एक बकरा व्यवसायी बकरों की खरीदारी करने के लिए छह लाख रुपये कर्ज लेकर जा रहे थे. इसी दौरान नया भोजपुर थाना क्षेत्र में स्थित सब्जी मंडी के समीप पहले से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें अपना निशाना बनाया और हथियार के बल पर रुपये लूटकर फरार हो गए थे. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे.

SIT की जांच में खुला राज, परिचित ही निकला मास्टरमाइंड

मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर तत्काल एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था. इस जांच टीम की कमान नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार खुद संभाल रहे थे. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों (टैक्निकल सेल) और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर मामले की गहन पड़ताल शुरू की. जांच के दौरान जो तथ्य सामने आए, उसने पुलिस टीम को भी चौंका दिया. पुलिस को पता चला कि इस बड़ी लूट की साजिश किसी बाहरी गिरोह ने नहीं, बल्कि पीड़ित व्यवसायी के ही एक परिचित सारिमपुर निवासी जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही ने रची थी. उसने ही लाइनर की भूमिका निभाते हुए अपराधियों को व्यवसायी की गतिविधियों और रुपये लेकर जाने की सटीक सूचना दी थी.

मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, एक लाख रुपये बरामद

सच्चाई सामने आते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और घटना के मुख्य मास्टरमाइंड जियाउल इस्लाम उर्फ सिपाही को धर दबोचा. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर लूट की रकम में से एक लाख रुपये भी बरामद करने में सफलता हासिल की है. वारदात के महज दो दिनों के भीतर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की क्षेत्र में लोग काफी सराहना कर रहे हैं.

पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है यह सफलता: SHO

एसपी से सम्मान और प्रशस्ति पत्र प्राप्त करने के बाद एसएचओ (SHO) चंदन कुमार ने कहा कि जनता की सुरक्षा और अपराध पर नियंत्रण पाना ही उनकी पहली एफआईआर (FIR) है. उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने पूरे स्टाफ को देते हुए कहा कि यह कामयाबी पूरी पुलिस टीम की कड़ी मेहनत, समर्पण और बेहतर आपसी तालमेल का परिणाम है. एसएचओ ने साफ लहजे में कहा कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read: अपराध समीक्षा बैठक में बक्सर SP शुभम आर्य सख्त, लंबित मामलों के जल्द निपटारे के दिए निर्देश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >