Buxar News(त्रिलोकी चौबे): बक्सर जिले के नावानगर प्रखंड अंतर्गत सोनवर्षा थाना क्षेत्र के स्थानीय गांव में बुधवार की रात खुशियों का माहौल अचानक रणक्षेत्र में बदल गया. दरवाजे पर आई एक बारात में नाचने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कुल पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
नाचने के विवाद में चली लाठियां
जानकारी के अनुसार, गांव में एक बारात आई थी जहाँ नाच के दौरान कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे. इस मारपीट में निखिल कुमार (पिता रविंद्र सिंह), राहुल कुमार (पिता जितेंद्र सिंह), आयुष कुमार (पिता सत्येंद्र सिंह), अंकित कुमार (पिता सत्येंद्र सिंह) और विकास कुमार (पिता धनंजय सिंह) घायल हो गए.
अस्पताल में भर्ती और पुलिसिया कार्रवाई
सभी घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से नावानगर के ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार किया गया. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है.
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR
इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से सोनवर्षा थाने में लिखित शिकायत दी गई है. प्रथम पक्ष की ओर से भीम बिंद के आवेदन पर छोटू बिंद, निरहू बिंद समेत 8 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं द्वितीय पक्ष से किशुन बिंद के आवेदन पर नकुल बिंद, भीम बिंद समेत 5 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है.
सोनवर्षा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बारात में नाचने के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है. दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदनों के आधार पर कुल 13 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
Also Read: पटना-वैशाली बिदुपुर सिक्सलेन की चप्पे-चप्पे पर होगी कैमरों की नज़र, दोनों ओर बनेंगे चेकपोस्ट
