Buxar News(प्रशांत राय): बिहार में पूर्ण शराबबंदी के दावों के बीच बक्सर से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है. यहाँ जिला परिवहन कार्यालय परिसर स्थित गार्ड रूम से शराब की बोतल बरामद की गई है. अति-संवेदनशील सरकारी कार्यालय में शराब मिलने की सूचना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि परिवहन कार्यालय के गार्ड रूम में शराब रखी गई है. इस सूचना के आधार पर गुरुवार को पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी की. तलाशी के दौरान गार्ड रूम से शराब की बोतल बरामद हुई, जिसके बाद वहां मौजूद कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सरकारी दफ्तर में शराब कैसे पहुँची और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी गहराई से जांच की जा रही है. फ़िलहाल उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बरामद बोतल को जब्त कर लिया है. पुलिस कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि गार्ड रूम में किसका आना-जाना था. डीटीओ विभाग के कर्मियों से भी कड़ी पूछताछ की जा रही है.
डीटीओ की सख्त चेतावनी
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा है कि सरकारी परिसर में इस तरह की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा, मामले की पूरी जांच कराई जा रही है. यदि विभाग का कोई भी कर्मी या सुरक्षाकर्मी इसमें संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ तत्काल प्रभाव से कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read:बक्सर पुलिस का विशेष अभियान, दहेज हत्या और शराब मामले में 14 गिरफ्तार
