इटाढ़ी में दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत

Buxar News: थाना क्षेत्र के बकसड़ा रोड के पास ट्रैक्टर से गिरकर 45 वर्षीय मजदूर बुद्धू चौधरी की चक्के के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई.

Buxar News(बक्सर से ओंकार नाथ मिश्र की रिपोर्ट ):
एक अदद रोटी की चाहत और परिवार के बेहतर भविष्य का सपना लेकर घर से निकले एक मजदूर के लिए रविवार की शाम उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ. इटाढ़ी थाना क्षेत्र के खतिबा मोड़ के पास बकसड़ा रोड के सामने हुए एक सड़क हादसे में 45 वर्षीय मजदूर की ट्रैक्टर के चक्के के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई. मृतक बुद्धू चौधरी की पहचान रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के मनियारी टोला निवासी स्व. धन्नू चौधरी के पुत्र के रूप में हुई है.

ट्रैक्टर के चक्के के नीचे आया मजदूर

जानकारी के अनुसार बुद्धू चौधरी जिले के इटाढ़ी अंतर्गत नारायणपुर गांव में एक मकान की ढलाई के काम में मजदूरी करने आया था. दिनभर कड़ी धूप और पसीने में ढलाई का काम पूरा करने के बाद, वह अपने अन्य मजदूर साथियों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर वापस घर लौट रहा था. आंखों में दिनभर की थकान लिए बुद्धू अपने परिवार के पास पहुंचने की जल्दी में था. उसी दौरान इटाढ़ी-धनसोई रोड पर बकसड़ा रोड के पास अचानक ठोकर आने से तेज रफ्तार ट्रेक्टर उछला और उसी पर सवार बुद्धू चौधरी अपना संतुलन खोकर सड़क पर गिर गया. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता या चालक ब्रेक लगाता, भारी-भरकम ट्रैक्टर का चक्का उसे कुचलते हुए निकल गया. हादसा इतना खौफनाक था कि बुद्धू चौधरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

गांव में पसरा मातम

बुद्धू की मौत की खबर सुनते ही मनियारी टोला गांव में मातम पसर गया. बदहवास परिजन तुरंत इटाढ़ी के लिए रवाना हो गए. साथ आए ग्रामीणों का कहना था कि बुद्धू बहुत अच्छे स्वभाव का मेहनती इंसान था. सुबह घर से मजदूरी के लिए निकला था, शाम को उसकी मौत की खबर आने से पूरे गांव गमगीन हो गया है. मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लोगों को विश्वास ही नहीं हो रहा कि जो शख्स सुबह मुस्कुराते हुए काम पर निकला था, अब उसका केवल बेजान शरीर ही घर वापस लौटेगा.

थानाध्यक्ष का बयान

इटाढ़ी एसएचओ सोनू कुमार पासवान ने बताया कि “घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया था, जिसके बाद बदहवास हालत में परिजन इटाढ़ी पहुंचे हैं. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.”


Also Read: इमामगंज में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का एक्शन, भट्ठी ध्वस्त

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarsuryakant

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों की स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >