बक्सर के मठीला में युवक की संदिग्ध मौत, अधनिर्मित मकान में फंदे से लटका मिला शव

Buxar News: बक्सर के मठिला गांव में कर्ज के बोझ तले दबे एक 25 वर्षीय युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी. युवक का शव पड़ोस के एक निर्माणाधीन मकान में लटका मिला. पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.

Buxar News(सुजीत कुमार ओझा): बक्सर जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिला गांव में गुरुवार की रात एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान स्वर्गीय प्रेम शर्मा के 25 वर्षीय पुत्र अजीत शर्मा के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुँचकर जांच में जुट गई है.

पड़ोसी के मकान में मिला शव

जानकारी के अनुसार, अजीत का शव पड़ोसी अजय तांतो के एक अधनिर्मित मकान में फंदे से लटका पाया गया. जैसे ही ग्रामीणों ने शव को देखा, इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ पहुँचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया.

कर्ज और मानसिक तनाव की आशंका

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि अजीत आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव से गुजर रहा था. अजीत गांव में ही आरा मशीन चलाकर अपनी वृद्ध मां और परिवार का भरण-पोषण करता था. बताया जा रहा है कि आरा मशीन के संचालन के लिए उसने कई जगहों से कर्ज लिया था, जिसे चुकाने के दबाव में वह काफी समय से परेशान था. आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उसने यह आत्मघाती कदम उठाया.

एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं. पुलिस मृतक के मोबाइल रिकॉर्ड और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

अजीत अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था. उसकी आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. वृद्ध मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के आवेदन के आधार पर ही आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

Read more: NEET पेपर लीक और महंगाई पर भड़की कांग्रेस, सीवान के जेपी चौक पर फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >