डुमरांव के कोरानसराय में जलजमाव पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया

Buxar News: डुमरांव के कोरानसराय चौक पर पिछले 6 महीने से जारी जलजमाव को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया. टूटे नाले के कारण फैली गंदगी से नाराज लोगों ने बक्सर डीएम और स्थानीय विधायक से ओवरलोडेड ट्रकों पर रोक लगाने व समस्या के तुरंत समाधान की मांग की है.

Buxar News (डुमरांव से विनीत कुमार मिश्रा की रिपोर्ट): बक्सर जिले के डुमरांव प्रखंड के कोरानसराय मुख्य चौक पर मठिला रोड और चौगाई रोड में महीनों से बने जलजमाव को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया. प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा नेता संतोष दुबे ने किया.

संतोष दुबे ने बताया कि पिछले 6 महीने से ज्यादा समय से मठिला रोड और चौगाई रोड पर जलजमाव है. इसका मुख्य कारण एन एच 120 सड़क निर्माण कंपनी द्वारा घटिया सामग्री से नाला और स्लैब बनाना है. जिसपर ओवरलोडेड बालू ट्रकों के लगातार आवागमन से दोनों तरफ के स्लैब टूटकर ध्वस्त हो गए हैं.

ईंट डालकर नाले को बंद करने का आरोप

आरोप है कि रात के अंधेरे में ट्रक चालकों ने टूटे स्लैब की जगह ईंट डालकर नाले को ही बंद कर दिया. इससे घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा हो गया और हालात बद्तर हो गए. ग्रामीणों का कहना है कि गंदे नाले के पानी के जमाव से संक्रमण और बीमारियां फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है. जिसके चलते पैदल चलना तो दूर, बाइक सवार भी फिसलकर चोटिल हो रहे हैं.

ओवरलोडेड ट्रकों का परिचालन रोकने की मांग

संतोष दुबे ने कहा कि इस समस्या को लेकर राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला और जिला प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया. प्रिंट मीडिया में भी कई बार खबरें छपीं, लेकिन न तो बंद नाला खुलवाया गया और न ही नए सिरे से स्लैब का निर्माण हुआ. ग्रामीण लगातार मांग कर रहे हैं कि मठिला रोड और चौगाई रोड से भारी वाहनों व ओवरलोडेड बालू ट्रकों का परिचालन तुरंत रोका जाए, पर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा.

जलजमाव से मुक्ति दिलाने की मांग

आक्रोशित ग्रामीणों ने बक्सर डीएम, पथ निर्माण विभाग और स्थानीय विधायक संतोष कुमार निराला से तत्काल जलजमाव से मुक्ति दिलाने की मांग की है. प्रदर्शन में शामिल रहे मोहन तिवारी, अधिवक्ता सुरेंद्र यादव, हलचल प्रसाद, विजय यादव, श्रीकृष्णा तिवारी, पपलू शर्मा, सुमित कुमार शर्मा, विंध्याचल चौरसिया, पप्पू अंसारी, राजेश गुप्ता, पिंटू शाह, राजेश शाह, अर्जुन तुरहा समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे.

Also Read: बक्सर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, विशेष अभियान में 18 गिरफ्तार, हजारो का जुर्माना वसूला

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >