Buxar News (आशुतोष कुमार सिंह): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विशेष प्रशिक्षण महाअभियान ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय’ के दूसरे फेज का दो दिवसीय जिला स्तरीय आयोजन रविवार को कार्यकर्ताओं के वैचारिक प्रशिक्षण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. विधान पार्षद (MLC) निवेदिता सिंह के कुशल मार्गदर्शन में रविवार को दूसरे दिन के पांच अलग-अलग सत्रों (वर्गों) के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए. कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा संगठन के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई. इसके पश्चात मुख्य सत्र का विधिवत उद्घाटन बिहार भाजपा के संगठन महामंत्री भीखुभाई दलसानिया, विधान पार्षद निवेदिता सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय और भाजपा जिलाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
कार्यकर्ता के गुण और आचरण से ही मजबूत होता है संगठन: संगठन महामंत्री भीखुभाई
प्रशिक्षण महाभियान के पहले और मुख्य सत्र को संबोधित करते हुए बिहार भाजपा के संगठन महामंत्री भीखुभाई दलसानिया ने कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताया. जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता और धनंजय त्रिगुण के कुशल संचालन में आयोजित इस सत्र में संगठन महामंत्री का मुख्य विषय ‘कार्यकर्ता विकास, गुण, आचरण एवं अपेक्षायें’ था.
अपने संबोधन में भीखुभाई दलसानिया ने कहा कि एक आदर्श कार्यकर्ता का आचरण और उसका समाज के प्रति व्यवहार ही किसी राजनीतिक दल की छवि तय करता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और पार्टी के बुनियादी सिद्धांतों को आचरण में ढालने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया.
सोशल मीडिया विमर्श और एआई (AI) जैसी नई तकनीकों पर हुआ गंभीर मंथन
प्रशिक्षण महाभियान के अन्य सत्रों में पार्टी को डिजिटल युग में और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीतियों पर चर्चा की गई:
- दूसरा सत्र (मीडिया विमर्श): प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय ने इस सत्र को संबोधित किया. इसकी अध्यक्षता राणा प्रताप सिंह और संचालन अरविंद पासवान ने किया. इसमें मीडिया के साथ समन्वय पर चर्चा हुई.
- तीसरा सत्र (डिजिटल मीडिया व AI): यह सत्र शिव नारायण पांडेय द्वारा लिया गया. इनका मुख्य विषय ‘सोशल मीडिया, मीडिया की नई तकनीक एआई (Artificial Intelligence), प्रभावी सूचना तंत्र एवं संगठन के लिए सकारात्मक नैरेटिव का निर्माण’ रहा.
- चौथा सत्र: इस सत्र का संचालन और विमर्श मुख्य वक्ता राजेंद्र भंडारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ.
देशभक्ति और संवेदनशीलता ही भाजपा की असली पहचान: मंत्री श्रेयसी सिंह
प्रशिक्षण महाभियान का पांचवा और अंतिम सत्र बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह के नाम रहा. उनके वर्ग प्रशिक्षण का मुख्य विषय ‘समाधान, समारोह एवं राष्ट्रगान’ था. मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने विषय को बेहद दमदार और प्रभावी तरीके से कार्यकर्ताओं के बीच रखा. उन्होंने विरोधियों पर राजनीतिक चुटकी लेते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही देश की एकमात्र ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसके कार्यकर्ताओं के भीतर कूट-कूट कर देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति संवेदनशीलता देखने को मिलती है. भाजपा का कार्यकर्ता पद के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ मैदान में उतरता है.
इस सत्र में वर्ग प्रमुख के रूप में जिला उपाध्यक्ष निर्भय राय मुस्तैद रहे, जबकि पूरे कार्यक्रम के समापन सत्र की अध्यक्षता सदर विधायक आनंद मिश्रा द्वारा की गई. बक्सर में आयोजित इस दो दिवसीय महाभियान में मुख्य रूप से भाजपा जिला इकाई के सभी पदाधिकारी, सभी मंडलों के अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, सोशल मीडिया विंग के सदस्य तथा शाहाबाद क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता व सक्रिय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
Also Read: नावानगर के आथर गांव में बिजली चोरी करते तीन धरे गए, बासुदेवा थाना में FIR दर्ज, लगा भारी जुर्माना
