बक्सर : नावानगर में गश्ती गाड़ी को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, SI समेत 3 पुलिसकर्मी घायल

नावानगर में पचदरवा पुल के पास गश्ती गाड़ी पर अनियंत्रित ट्रक पलटा. इस हादसे में एसआई संजीव कुमार सिंह सहित तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.

नावानगर. स्थानीय थाना क्षेत्र के पचदरवा पुल के पास बुधवार की देर रात करीब दो बजे तेज गति से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने नावानगर थाना की गश्ती गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गश्ती गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वाहन में सवार एसआई संजीव कुमार सिंह समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.

तेज रफ्तार ट्रक अचानक हुआ अनियंत्रित

जानकारी के अनुसार डुमरांव की ओर से तेज गति से आ रहा ट्रक पचदरवा पुल के पास अचानक अनियंत्रित हो गया. ट्रक विपरीत दिशा में चला गया और वहां खड़ी थाना की गश्ती गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.

गाड़ी में फंस गए एसआई संजीव कुमार सिंह

हादसे के दौरान गश्ती गाड़ी में सवार एसआई संजीव कुमार सिंह वाहन के अंदर ही फंस गए. गाड़ी के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई. काफी प्रयास के बाद गैस कटर की मदद से वाहन के हिस्से को काटकर एसआई को बाहर निकाला गया.

दो अन्य पुलिसकर्मी भी हुए घायल

हादसे में गश्ती गाड़ी में सवार दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. पुलिसकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावानगर ले जाया गया.

तीनों घायलों को बिक्रमगंज किया गया रेफर

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नावानगर में चिकित्सकों ने तीनों घायल पुलिसकर्मियों का प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए एसआई संजीव कुमार सिंह समेत तीनों घायलों को करुणा अस्पताल, बिक्रमगंज रेफर कर दिया गया.

ट्रक छोड़कर चालक मौके से फरार

घटना की पुष्टि करते हुए नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि पचदरवा पुल के पास अनियंत्रित ट्रक ने थाना की गश्ती गाड़ी में टक्कर मार दी. हादसे में एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

ALSO READ : बक्सर स्टेशन से फर्जी आरपीएफ जवान ने किया यात्री का अपहरण, 24 घंटे में डीडीयू से बरामद

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By त्रिलोकी नाथ चौबे

ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >