Buxar News : नगर के चरित्रवन स्थित आदर्श गौशाला की अतिक्रमित भूमि पर शुक्रवार को नगर परिषद का बुलडोजर चला. नगर परिषद बक्सर की टीम ने दो जेसीबी मशीनों के साथ अतिक्रमण मुक्ति अभियान चलाकर गौशाला और चारागाह की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया. कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के कारण स्थिति नियंत्रण में रही.
50 साल से जमीन पर था कब्जा, बन गये थे स्थायी मकान
जानकारी के अनुसार आदर्श गौशाला चरित्रवन की भूमि पर पिछले करीब 50 वर्षों से कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से अतिक्रमण किया गया था. अतिक्रमित जमीन पर स्थायी आवास तक बना लिये गये थे. इस मामले में मालवीय नगर, धोबी घाट निवासी संजय पाठक ने परिवाद दायर किया था. परिवाद के आलोक में अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था.
दो जेसीबी के साथ पहुंची नगर परिषद की टीम
वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद शुक्रवार को नगर परिषद की टीम दो जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमित भूमि को खाली कराने की कार्रवाई शुरू की. अभियान का नेतृत्व नगर परिषद के सिटी मैनेजर राजमनी गुप्ता ने किया. टीम ने अतिक्रमित हिस्से में बने निर्माण को हटाकर जमीन को कब्जामुक्त कराया.
विरोध की आशंका पर पहले से तैनात था पुलिस बल
अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ लोगों ने हल्का विरोध जताया. स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए अभियान से पहले ही पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गयी थी. पुलिस की मौजूदगी में अभियान शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहा.
अभियान में मनोज कुमार केसरी, नवीन पांडे, नर्सिंह चौबे, मोहम्मद वाहिद, कुमार अविनाश, प्रियव्रत सिंह, राहुल कुमार समेत नगर परिषद के अन्य कर्मी शामिल रहे.
24 घंटे का अल्टीमेटम, नहीं हटाया तो फिर चलेगा बुलडोजर
नगर परिषद के सिटी मैनेजर राजमनी गुप्ता ने बताया कि आदर्श गौशाला चारागाह, चरित्रवन की भूमि पर लंबे समय से अतिक्रमण था. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए लगभग सभी अतिक्रमण हटा दिये गये हैं.
उन्होंने बताया कि जो अतिक्रमण अभी शेष रह गया है, उसे 24 घंटे के भीतर स्वयं खाली करने का निर्देश दिया गया है. निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर परिषद द्वारा बलपूर्वक उसे भी हटाया जायेगा.
