Buxar Liquor Ban News : (ओंकार नाथ मिश्रा) बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बीच बक्सर में तस्करी का एक बड़ा खेल बेनकाब हुआ है. गंगा पुल स्थित वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने सड़े आम की टोकरी के बीच छिपाकर ले जाई जा रही करीब 34 लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद की है. कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त कर चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. यह खेप चंडीगढ़ से मुजफ्फरपुर ले जाई जा रही थी.
जानकारी के अनुसार, चेकपोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में ऊपरी पुल पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोका गया. शुरुआती जांच में ट्रक सामान्य फल परिवहन जैसा दिख रहा था, लेकिन टीम को शक हुआ और गहन तलाशी लेने का फैसला किया गया.
सड़े आमों के नीचे छिपाई गई थी शराब
जब ट्रक का डाला खोला गया तो ऊपर से सड़े-गले आम की टोकरी लदी हुई थी. पहली नजर में ऐसा लगा कि यह खराब फलों का लोड है. लेकिन जैसे ही पुलिस टीम ने एक-एक कर टोकरी हटानी शुरू की, नीचे छिपाई गई शराब की पेटियां सामने आने लगीं. बदबू के कारण जांच से बचने की कोशिश की गई थी, लेकिन टीम की सतर्कता के आगे तस्करों की चाल नाकाम हो गई.
325 पेटी शराब की बड़ी खेप बरामद
तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 325 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई. इसमें अलग-अलग ब्रांड की कुल 2871.720 लीटर शराब शामिल है. बरामद शराब में ऑल सीजन, रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टैग और इम्पीरियल ब्लू जैसे ब्रांड शामिल हैं. अधिकारियों के अनुसार, इस खेप की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है.
हिमाचल का चालक गिरफ्तार
मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के रामशहर नंद निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है. वह 27 वर्ष का बताया जा रहा है. पूछताछ में उसने बताया कि यह शराब चंडीगढ़ से लोड कर मुजफ्फरपुर पहुंचाई जा रही थी. फिलहाल उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है.
अधिकारियों ने क्या कहा
मद्य निषेध अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि तस्करों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सड़े आमों का सहारा लिया था, ताकि बदबू के कारण कोई ट्रक की गहराई से जांच न करे. लेकिन पुख्ता सूचना के आधार पर टीम पहले से सतर्क थी और इस बड़ी खेप को पकड़ लिया गया. उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
जांच के बाद और खुलासे संभव
इस कार्रवाई के बाद यह साफ हो गया है कि शराब तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चुनौती देने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि मद्य निषेध विभाग की सतर्कता के चलते ऐसे प्रयास लगातार नाकाम हो रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जांच आगे बढ़ने पर और बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है.
Also Read: बक्सर में विकास ठप होने पर बवाल, जिप सदस्यों ने DDC का किया पुतला दहन
