Buxar Historical Wall Painting : वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु से उत्तर प्रदेश की सीमा पार कर बिहार के बक्सर जिले में प्रवेश करते ही अब पर्यटकों और राहगीरों को जिले के गौरवशाली इतिहास और धार्मिक महत्व की झलक मिलेगी. जिला प्रशासन और नगर परिषद ने इसके लिए नई पहल शुरू की है.
गोलंबर और आकर्षण पार्क की दीवारों पर होगी पेंटिंग
नगर परिषद के माध्यम से शहर के मुख्य प्रवेश द्वार स्थित गोलंबर और वहां बने आकर्षण पार्क की दीवारों पर बक्सर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व से संबंधित आकर्षक पेंटिंग करायी जा रही है. इस कार्य की जिम्मेदारी एक एजेंसी को सौंपी गयी है, जिसने पेंटिंग का काम शुरू कर दिया है.
रामायण काल के प्रसंगों से जीवंत होगा बक्सर का इतिहास
इन दीवारों पर प्राचीन रामायण काल से जुड़े उत्कृष्ट प्रसंगों, महर्षि विश्वामित्र आश्रम, अहिल्या उद्धार, ताड़का वध और बक्सर के पुराने युद्धों के इतिहास को रंगों के माध्यम से जीवंत किया जायेगा. पेंटिंग के जरिये जिले की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को दर्शाने की तैयारी है.
स्वच्छता और सुंदरता के साथ दिखेगी बक्सर की भव्यता
नगर परिषद का उद्देश्य शहर की स्वच्छता और सुंदरता के साथ-साथ बक्सर की भव्यता को भी दर्शाना है. अधिकारियों के अनुसार, बाहर से आने वाले लोगों को जिले में कदम रखते ही यहां की खूबसूरती, स्वच्छता और ऐतिहासिक विरासत की जानकारी एक ही जगह मिल सकेगी.
पर्यटन को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने की पहल
अधिकारियों के अनुसार, यह पेंटिंग न सिर्फ शहर को आकर्षक बनाएगी, बल्कि नई पीढ़ी को अपने इतिहास से जोड़ेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी. दीवारों पर ऐतिहासिक और धार्मिक प्रसंगों को दर्शाने से लोगों को बक्सर की विरासत की जानकारी मिलेगी.
गोलंबर क्षेत्र में पेंटिंग का काम शुरू
फिलहाल गोलंबर क्षेत्र में पेंटिंग का कार्य शुरू हो गया है. नगर परिषद के माध्यम से कराये जा रहे इस कार्य को जल्द ही पूरा कर लिया जायेगा.
ALSO READ : एक हफ्ते बाद शांत हुई गंगा जी, जलस्तर में मामूली गिरावट से बक्सर में बाढ़ प्रभावित इलाकों को राहत
