Buxar News: हर घर तिरंगा अभियान 2026 को लेकर जिले में तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं. अभियान को सफल बनाने के लिए जीविका की ओर से जिले में कुल 44 हजार तिरंगा झंडों का निर्माण युद्धस्तर पर कराया जा रहा है. सरकार के सचिव प्रणव कुमार ने अभियान की सफलता को लेकर परियोजना निदेशक-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जीविका, पटना को आवश्यक निर्देश दिये हैं.
जीविका पटना के निर्देश के आलोक में जिले में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार हर घर तिरंगा पहुंचाने के लिए 44 हजार तिरंगा झंडों का निर्माण जारी है. जीविका दीदियां जोर-शोर से तिरंगा निर्माण के कार्य में जुटी हुई हैं.
हर प्रखंड को मिलेंगे 4 हजार तिरंगे
इस संबंध में डीपीएम जीविका दयानिधि चौबे ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत जीविका की ओर से जिले के प्रत्येक प्रखंड को 4 हजार तिरंगा उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जीविका दीदियां तिरंगा निर्माण में जुटी हुई हैं.
देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना को मजबूत करना उद्देश्य
विभाग की ओर से पत्र जारी कर हर घर तिरंगा अभियान 2026 के सफल आयोजन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिये गये हैं. इसका उद्देश्य राज्य के प्रत्येक नागरिक के घर, कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना को प्रबल करना है.
राज्य में 21.36 लाख झंडों का लक्ष्य
हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत राज्य के प्रत्येक प्रखंड में मानक आकार के न्यूनतम 4 हजार झंडों के अनुसार राज्य के 534 प्रखंडों में कुल लगभग 21.36 लाख झंडों का क्रय एवं वितरण कराने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, बक्सर जिले में 44 हजार झंडों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
प्रखंड स्तर पर आवश्यक संख्या में झंडों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी जीविका को दी गयी है. इसके लिए प्रति प्रखंड 1 लाख रुपये की दर से कुल 5 करोड़ 34 लाख रुपये की राशि कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना की ओर से जीविका, पटना को उपलब्ध करायी जा रही है.
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर होगी आपूर्ति और वितरण
हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत राज्य के प्रत्येक प्रखंड में मानक आकार के न्यूनतम 4 हजार झंडों की संख्या के अनुरूप संबंधित जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार झंडों की आपूर्ति एवं वितरण सुनिश्चित किया जायेगा.
