बक्सर. बिहार पुलिस में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) मुन्ना कुमार गोंड का बीमारी के कारण निधन हो गया. वे बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र के पुराना भोजपुर गांव के निवासी थे और लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे. उनके निधन की खबर से गांव और पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई.
इलाज के दौरान सदर अस्पताल में तोड़ा दम
परिजनों के अनुसार सोमवार को उनकी तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल बक्सर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उनका निधन हो गया. वे लंबे समय से डायलिसिस पर थे और पटना पीएमसीएच सहित कई निजी अस्पतालों में उनका इलाज चल रहा था. बीमारी के कारण उन्होंने करीब दो महीने पहले ही अवकाश ले लिया था.
सिपाही से एएसआई तक का तय किया सफर
मुन्ना कुमार गोंड वर्ष 2006 में बिहार पुलिस में सिपाही के रूप में भर्ती हुए थे. अपनी कर्तव्यनिष्ठा और व्यवहार कुशलता के कारण उन्होंने विभाग में अलग पहचान बनाई. उन्होंने आरा ट्रैफिक सहित कई थानों में अपनी सेवाएं दीं. पदोन्नति के बाद वे वर्तमान में पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मरांची थाना में एएसआई के पद पर कार्यरत थे.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से थे और परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे. उनके परिवार में पत्नी सीता देवी और पांच बच्चे हैं. सबसे बड़े पुत्र भूपेंद्र कुमार के अलावा गणेश कुमार, लक्ष्मी कुमारी, दुर्गा और सरस्वती हैं. उनके छोटे भाई शंकर गोंड राजमिस्त्री का कार्य करते हैं.
गांव और पुलिस विभाग ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. पोस्टमार्टम को लेकर खबर लिखे जाने तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी. थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि परिजनों की इच्छा के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने बताया कि मुन्ना कुमार गोंड मिलनसार, कर्तव्यनिष्ठ और मददगार स्वभाव के व्यक्ति थे. उनके निधन से गांव ने एक सम्मानित और नेकदिल इंसान को खो दिया है.
