Buxar News: नवादा/बक्सर जिले के नावानगर प्रखंड में यूडाइस (UDISE) पोर्टल पर विद्यालय का विवरण और शिक्षकों का डेटा अपलोड न करने पर बीईओ ने सख्त रुख अपनाया है. नावानगर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) द्वारा लापरवाही बरतने वाले 100 से अधिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों (एचएम) से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण की मांग की गई है.
20 दिन बाद भी डेटा अपलोड न करना विभागीय आदेश की अवहेलना
बीईओ ने अपने जारी पत्र में स्पष्ट किया है कि संबंधित सभी विद्यालयों को गत 7 जुलाई को ही पत्र निर्गत कर यूडाइस पोर्टल पर 'टीचर मॉड्यूल' और 'स्कूल प्रोफाइल फैसिलिटी' का डेटा जल्द से जल्द अपडेट करने का निर्देश दिया गया था. हालांकि, पत्र जारी होने के 20 दिनों से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी डेटा अपडेट नहीं किया गया, जिसे सीधे तौर पर विभागीय आदेशों की अवहेलना माना जाएगा.
102 विद्यालयों को 24 घंटे के अंदर काम पूरा करने का अल्टीमेटम
मामले की पुष्टि करते हुए बीईओ श्याम बिहारी प्रसाद ने बताया कि प्रखंड के 30 विद्यालयों में 'टीचर मॉड्यूल' और 72 विद्यालयों में 'स्कूल प्रोफाइल फैसिलिटी' का डेटा अब तक अधूरा है.
इसे लेकर सभी 102 संबंधित विद्यालयों के प्रभारियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे 24 घंटे के अंदर हर हाल में पोर्टल पर डेटा अपडेट करना सुनिश्चित करें, अन्यथा दोषी एचएम पर नियमानुकूल विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
