Buxar News (ब्रह्मपुर से संतोष कांत की रिपोर्ट ) :
पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ आज नगर पंचायत ब्रह्मपुर में एक वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस विशेष अभियान के तहत नगर पंचायत कार्यालय परिसर, प्रमुख मार्गों के किनारों और विभिन्न सार्वजनिक पार्कों में कई प्रजातियों के पौधे रोपे गए. कार्यक्रम की शुरुआत कार्यपालक पदाधिकारी शिव शक्ति कुमार द्वारा मुख्य परिसर में पौधा लगाकर की गई.
ग्लोबल वार्मिंग से निपटने के लिए पौधारोपण आज के समय की मांग
इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों और कर्मियों को संबोधित करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी शिव शक्ति कुमार ने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का असली आधार हैं. लगातार बढ़ रहे प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण करना आज के समय की सबसे बड़ी मांग है. उन्होंने समाज के हर नागरिक से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी पूरी जिम्मेदारी के साथ देखभाल करने की भावुक अपील की.
पौधों की सुरक्षा के लिए लगाए गए ट्री-गार्ड, मवेशियों से होगा बचाव
इस अभियान के दौरान पर्यावरण और जन-स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद उपयोगी कई तरह के छायादार वृक्ष जैसे नीम, पीपल और बरगद लगाए गए. नगर पंचायत प्रशासन ने केवल पौधा लगाने तक ही इस अभियान को सीमित नहीं रखा है, बल्कि पौधों की सुरक्षा के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए हैं. रोपे गए सभी पौधों के चारों ओर मजबूत ट्री-गार्ड लगाए गए हैं ताकि उन्हें छुट्टा मवेशियों से बचाया जा सके. इसके साथ ही पौधों में नियमित रूप से पानी देने और उनकी पूरी देखरेख करने की जिम्मेदारी नगर पंचायत के सफाई एवं पर्यावरण मित्रों को सौंपी गई है.
ब्रह्मपुर को ‘हरित ब्रह्मपुर’ बनाने का लिया गया सामूहिक संकल्प
कार्यपालक पदाधिकारी ने आगे कहा कि पौधा लगाना सिर्फ एक दिन का उत्सव नहीं होना चाहिए, बल्कि जब तक वह एक मजबूत पेड़ न बन जाए, तब तक उसकी अपनी संतान की तरह देखभाल करना हमारा नैतिक कर्तव्य है. इस मौके पर नगर पंचायत के सम्मानित सभासदगण, सामाजिक कार्यकर्ता, मुख्य लिपिक और भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे. सभी लोगों ने एक सुर में पर्यावरण को बचाने और ब्रह्मपुर को ‘हरित ब्रह्मपुर’ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया.
Also Read: बक्सर के सतीघाट साई मंदिर का 17वां वार्षिक पूजनोत्सव 30 जून को, तैयारियों को लेकर हुई बैठक
