बक्सर: बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में तैयार गेस्ट हाउस पर फंसा पेच, जानें नगर पंचायत और मंदिर कमेटी में क्यों है तकरार

Baba Bhramheshwar Nath Mandir: बिहार के प्रसिद्ध बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में करोड़ों की लागत से बना गेस्ट हाउस श्रद्धालुओं के लिए अभी तक नहीं खुला है. नगर पंचायत और मंदिर कमेटी के बीच संचालन अधिकार को लेकर विवाद चल रहा है, जिससे दर्शनार्थियों को ठहरने में परेशानी हो रही है.

Baba Bhramheshwar Nath Mandir: बिहार के प्रसिद्ध ऐतिहासिक बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करोड़ों रुपये की लागत से बनाया गया गेस्ट हाउस तैयार होने के बावजूद अब तक श्रद्धालुओं के लिए शुरू नहीं हो सका है. गेस्ट हाउस के संचालन और प्रबंधन के अधिकार को लेकर नगर पंचायत प्रशासन और मंदिर कमेटी के बीच खींचतान की स्थिति बनी हुई है. हालांकि, एसडीएम राजीव कुमार ने जल्द ही गेस्ट हाउस को नगर पंचायत को सौंपे जाने की बात कही है.

संचालन के अधिकार को लेकर आमने-सामने दो पक्ष

नवनिर्मित गेस्ट हाउस के संचालन और प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर विवाद सामने आया है. नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई, लाइटिंग, पेयजल, सड़क सहित अन्य नागरिक सुविधाओं पर नगर पंचायत लगातार खर्च करती है. सावन और महाशिवरात्रि जैसे बड़े आयोजनों के दौरान भी नगर निकाय की ओर से व्यवस्थाएं की जाती हैं. ऐसे में गेस्ट हाउस के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी नगर पंचायत को मिलनी चाहिए.

वहीं मंदिर कमेटी की ओर से धार्मिक परिसर की पारंपरिक व्यवस्था और आंतरिक प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए संचालन की जिम्मेदारी अपने स्तर पर रखने की बात कही जा रही है. इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

श्रद्धालुओं को मिलेगा ठहरने का बेहतर इंतजाम

सावन, महाशिवरात्रि सहित अन्य प्रमुख धार्मिक अवसरों पर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं. मंदिर परिसर में पर्याप्त ठहराव की सुविधा नहीं होने के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है.

इसी समस्या को देखते हुए मंदिर परिसर में आधुनिक गेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया है. भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद संचालन शुरू नहीं होने से श्रद्धालुओं को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.

मंदिर के चढ़ावे और पारदर्शिता पर भी उठते रहे हैं सवाल

गेस्ट हाउस के संचालन को लेकर विवाद के बीच मंदिर के प्रबंधन और चढ़ावे की राशि के हिसाब-किताब को लेकर भी स्थानीय स्तर पर चर्चाएं होती रही हैं. श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में आने वाले चढ़ावे और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होनी चाहिए. साथ ही नवनिर्मित गेस्ट हाउस को जल्द शुरू कर श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध करायी जानी चाहिए.

जल्द नगर पंचायत को सौंपा जाएगा गेस्ट हाउस

एसडीएम राजीव कुमार ने बताया कि गेस्ट हाउस का भवन पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है. जल्द ही इसे नगर पंचायत को सौंप दिया जाएगा. इसके बाद गेस्ट हाउस का संचालन और रखरखाव नगर पंचायत द्वारा ही किया जाएगा. इससे श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की सुविधा शुरू होने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें: मंत्रियों के काफिले संग थावे पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मां सिंहासनी के चरणों में टेका माथा, अधिकारियों को दिए खास निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार ओझा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >