Medical Negligence: ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गयी. परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बुधवार को ब्रह्मपुर चौराहे पर शव रखकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया.
मृतका की पहचान ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के निमेज गांव निवासी गोरख सिंह की 45 वर्षीय पत्नी जमुना देवी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार करीब ढाई महीने पहले जमुना देवी का पथरी का इलाज ब्रह्मपुर स्थित उक्त निजी अस्पताल में कराया गया था.
इलाज के बाद भी नहीं हुआ सुधार
परिजनों का कहना है कि इलाज के बाद भी जमुना देवी की सेहत में कोई सुधार नहीं हुआ. स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने मरीज को आरा के एक अन्य अस्पताल में रेफर कर दिया. आरा में भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर परिजनों को बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाने की सलाह दी गयी.
इसके बाद परिजन जमुना देवी को पटना ले गये, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
अस्पताल प्रबंधक और कर्मी मौके से फरार
महिला की मौत से आक्रोशित परिजन शव लेकर उसी निजी अस्पताल के पास पहुंचे और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. परिजनों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही अस्पताल के प्रबंधक और अन्य कर्मी मौके से फरार हो गये.
पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम
घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित परिजनों को शांत कराया. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद सड़क जाम हटवाकर आवागमन सुचारु कराया.
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है.
