बक्सर में पेयजल संकट: 15 दिनों से बंद पड़ा जलापूर्ति व्यवस्था, भीषण गर्मी में बूंद-बूंद को तरसते लोग

Bihar News: बक्सर में भीषण गर्मी के बीच केशवपुर जलापूर्ति योजना से जुड़ी सोनवर्षा टंकी से पिछले 15 दिनों से पानी आपूर्ति बंद है. मोटर जलने और पाइप लाइन में लिकेज के कारण सोनवर्षा, उमरपुर और खुटहा पंचायत के हजारों लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं.

Bihar News:(प्रशांत कुमार राय) बक्सर जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच केशवपुर जल आपूर्ति केंद्र से जुड़ी सोनवर्षा टंकी से पानी सप्लाई ठप होने के कारण ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. पिछले लगभग 15 दिनों से जलापूर्ति बंद रहने से सोनवर्षा, उमरपुर और खुटहा पंचायत के विभिन्न वार्डों में रहने वाले हजारों लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में पानी की किल्लत ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है. कई परिवारों को दूर स्थित चापाकलों और निजी बोरिंग के सहारे पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है.

मोटर जलने और पाइप लिकेज से ठप हुई सप्लाई

जानकारी के अनुसार करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई केशवपुर जलापूर्ति योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना था. लेकिन एक मोटर जल जाने और पाइप लाइन में लिकेज होने के कारण पूरी व्यवस्था चरमरा गई है.

प्रभात खबर की टीम द्वारा की गई पड़ताल में सामने आया कि तकनीकी खराबी के बाद अब तक मरम्मत कार्य पूरा नहीं हो सका है. इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.

ग्रामीणों ने उठाए योजना पर सवाल

उमरपुर निवासी विधानिवास मिश्रा ने बताया कि जलापूर्ति योजना की मेंटेनेंस अवधि अभी लगभग दो वर्ष ही पूरी हुई है, जबकि संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी पांच वर्षों तक नियमित रखरखाव करने की है. इसके बावजूद 15 दिनों तक पानी आपूर्ति बंद रहना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है.

उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है.

महिलाओं और बच्चों को हो रही सबसे ज्यादा परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि जलापूर्ति बंद होने से सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है. सुबह होते ही लोग पानी की व्यवस्था में जुट जा रहे हैं। कई वार्डों में लोग निजी मोटर और पानी के टैंकर के सहारे काम चला रहे हैं.

लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद विभाग की ओर से समस्या समाधान में तेजी नहीं दिखाई जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि योजना की नियमित मॉनिटरिंग नहीं होने के कारण बार-बार ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है.

जल्द बहाल होगी जलापूर्ति : कार्यपालक अभियंता

लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता राहुल कुमार ने बताया कि खराब मोटर बदलने और पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य जारी है. उन्होंने कहा कि जल्द ही जलापूर्ति को सामान्य कर दिया जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: raginisharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >