Bihar News:(मनीष कुमार मिश्रा) बक्सर जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में 102 एम्बुलेंस सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. समय पर मरीजों को अस्पताल पहुंचाकर यह सेवा लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है. खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले मरीजों को अब तेजी से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है.
जिले में 41 एम्बुलेंस कर रही सेवा
जानकारी के अनुसार, जिले में वर्तमान में कुल 41 एम्बुलेंस संचालित हैं. इनमें 12 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS), 27 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) और 2 शव वाहन शामिल हैं. सभी एम्बुलेंस आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों से लैस हैं, जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने का कार्य कर रही हैं.
अप्रैल में 1980 मरीजों को मिला लाभ
अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 1,980 मरीजों को 102 एम्बुलेंस सेवा का लाभ मिला. इनमें 1,323 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया. वहीं 50 नवजात शिशुओं को विशेष चिकित्सा सुविधा प्रदान की गई. इसके अलावा 82 सड़क दुर्घटना पीड़ितों और 525 अन्य गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर इलाज उपलब्ध कराया गया.
ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से पहुंच रही सेवा
ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह सेवा विशेष रूप से राहतकारी साबित हो रही है, जहां पहले अस्पताल पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था.अब समय पर एम्बुलेंस मिलने से आपात स्थिति में मरीजों को त्वरित उपचार मिल पा रहा है.
बेहतर मॉनिटरिंग से बढ़ा भरोसा
ज़ेन प्लस, बिहार के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि एम्बुलेंस सेवा की नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर संचालन व्यवस्था के कारण मरीजों तक सहायता पहुंचने में समय की बचत हुई है. इससे आपातकालीन सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार हुआ है.
स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति बढ़ा भरोसा
102 एम्बुलेंस सेवा के बेहतर संचालन से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है. समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से गंभीर मरीजों को राहत मिल रही है और कई जीवन सुरक्षित किए जा रहे हैं.
Also Read:जहानाबाद में नई पहल शुरू: शिक्षकों का आवासीय प्रशिक्षण प्रारंभ, एक्शन रिसर्च पर रहेगा फोकस
