बक्सर: बगेन गोला बाजार में दो दर्जन युवकों का तांडव, युवक पर जानलेवा हमला; दुकानदारों ने बंद की दुकानें

बगेन गोला बाजार में दो दर्जन युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला किया। पुलिस ने तीन बाइक जब्त की और 18 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

Buxar News : स्थानीय थाना क्षेत्र के बगेन गोला मुख्य बाजार में मंगलवार को दो दर्जन से अधिक युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. अचानक हुई मारपीट से बाजार में अफरा-तफरी मच गयी. दहशत में दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. घटना में बरूहां गांव निवासी संतोष चौधरी के पुत्र मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये.

घात लगाकर बैठे युवकों ने किया हमला

मुकेश कुमार किसी काम से बगेन गोला मुख्य बाजार आये थे. इसी दौरान घात लगाये बैठे दो दर्जन से अधिक युवकों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया. हमलावरों ने लाठी-डंडों समेत अन्य हथियारों से मुकेश की बेरहमी से पिटाई की. बीच बाजार हुई इस घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गयी.

पुलिस पहुंची तो बाइक छोड़कर भागे हमलावर

घटना की सूचना मिलते ही बगेन गोला थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस की गाड़ी और सायरन की आवाज सुनते ही हमलावर मौके से फरार हो गये. हालांकि, भागने की जल्दबाजी में हमलावर अपनी तीन बाइक घटनास्थल पर ही छोड़ गये. पुलिस ने तीनों बाइकों को जब्त कर लिया है. वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.

8 नामजद समेत 18 पर प्राथमिकी

घटना के बाद घायल मुकेश कुमार ने थाने में लिखित आवेदन दिया. आवेदन में पोखरा, कैथी, कुआवन और खोचरिआव गांव के युवकों पर जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर 8 नामजद और 10 अज्ञात समेत कुल 18 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

दुकानदारों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

दिनदहाड़े बाजार के बीच हुई हिंसा से स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में भय और आक्रोश है. कारोबारियों ने बाजार में पुलिस गश्त और चौकसी बढ़ाने की मांग की है. उनका कहना है कि बाजार में इस तरह की घटनाओं पर तत्काल रोक जरूरी है.

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

बगेन गोला थाना पुलिस के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी.

सीसीटीवी फुटेज में घटना की कैद तस्वीरें | Prabhat Khabar Network
सीसीटीवी फुटेज में घटना की कैद तस्वीरें | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष कांत

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >