ट्रेन में अचानक बिगड़ी आशा कार्यकर्ता की तबीयत, हृदय गति रुकने से मौत, बक्सर में स्वास्थ्य कर्मियों ने जताया शोक

राजपुर में आशा कार्यकर्ता चंद्रावती देवी का हृदय गति रुकने से निधन। स्वास्थ्य कर्मियों ने शोक सभा आयोजित कर दी श्रद्धांजलि।

Buxar News : बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड अंतर्गत तियरा गांव निवासी आशा कार्यकर्ता चंद्रावती देवी, पति बिसुका प्रसाद का अचानक हृदय गति रुकने से निधन हो गया. वह निजी कार्य से सूरत गयी थीं और ट्रेन से वापस अपने गांव लौट रही थीं. इसी दौरान सफर में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी और हृदय गति रुकने से ट्रेन में ही उनकी मौत हो गयी.

निधन की खबर मिलते ही परिवार में मचा कोहराम

चंद्रावती देवी के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गयी. साथी स्वास्थ्य कर्मियों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की.

सीएचसी में आयोजित हुई शोक सभा

आशा कार्यकर्ता के निधन पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में शोक सभा आयोजित की गयी. चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में आयोजित सभा में स्वास्थ्य कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की.

कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता थीं चंद्रावती देवी

शोक सभा में आशा कार्यकर्ता सुधा देवी, आशा देवी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने चंद्रावती देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि चंद्रावती देवी बेहद कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता थीं. उनके असमय निधन से परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है और स्वास्थ्य विभाग ने भी एक समर्पित कार्यकर्ता को खो दिया है.

अस्पताल प्रशासन और साथी स्वास्थ्य कर्मियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए इस कठिन घड़ी में उन्हें धैर्य प्रदान करने की कामना की.


फोटो :- शोक सभा करते स्वास्थ्य कर्मी | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार कमल

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >