buxar news : सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई : डीएम

buxar news : दुर्गापूजा को लेकर डीएम ने की जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक

बक्सर. दुर्गापूजा को लेकर जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक जिलाधिकारी डॉ विद्यानंद सिंह व पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में हुई. बैठक समाहरणालय परिसर में हुई.

बैठक में उपस्थित जिला शांति समिति के सदस्यों द्वारा दुर्गापूजा को लेकर अपना सुझाव दिया. वहीं बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बक्सर एवं डुमरांव को निर्देश दिया गया कि पर्व से पहले सभी मार्गों की साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करेंगे. कार्यपालक अभियंता, विद्युत प्रमंडल बक्सर को निर्देश दिया गया कि आगामी पर्व के पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव से समन्वय स्थापित कर सभी रूट की सूची प्राप्त कर लेंगे तथा निर्धारित रूट के मार्गों के लूज एवं लटके हुए तारों की मरम्मत कराने को निर्देश दिया गया. डीएम द्वारा आगामी पर्व के देखते हुए अग्निशमन एवं चिकित्सा व्यवस्था को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया.

डीएम द्वारा पूजा समिति को निर्देश दिया गया कि सभी पूजा पंडाल विसर्जन जुलूस के लिए अनुज्ञप्ति प्राप्त कर लें, मूर्ति की अधिकतम ऊंचाई 20 फुट से ज्यादा न हो. ऊपरी संरचना की ऊंचाई 40 फुट तक सीमित हो. मूर्ति की ऊपरी संरचना के निर्माण में पारा, कैडमियम, आर्सेनिक, शीशा और क्रोमियम जैसी जहरीली भारी धातुओं वाले कृत्रिम रंगों का उपयोग न हो. पंडालों में सीसीटीवी लगाना अनिवार्य है.

पंडालों में वैध विद्युत कनेक्शन, फायर एंड सेफ्टी के तहत की गयी कार्रवाई, भीड़ नियंत्रण एवं पार्किंग की व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध, पूजा समितियों द्वारा पूजा कार्य में लगे वॉलंटियर के नाम, मोबाइल नंबर एवं आधार कार्ड का विवरण प्रदान करना, सभी वॉलंटियर को आइडी कार्ड प्रदान करना, पुराने रूट पर ही जुलूस के लिए अनुज्ञप्ति प्राप्त किया जाये, डीजे पर पूर्णतः प्रतिबंध, कृत्रिम तालाब में प्रतिमा विर्सजन किया जाये, जुलूस में हथियार ले जाना अथवा प्रदर्शन करना आर्म्स एक्ट के तहत प्रतिबंधित है. अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को निर्देश दिया गया कि अनुज्ञप्ति निर्गत करने से पूर्व जुलूस के लिए सभी शर्तों का पालन किया जाना अनिवार्य होगा. जुलूस का लाइसेंस जिस व्यक्ति के नाम पर निर्गत किया जायेगा, उसकी पहचान निश्चित रूप से की जाये. जुलूस में उत्तेजक, भड़काऊ गाना, नारेबाजी नहीं की जायेगी. जुलूस में शामिल कम से कम 10 से 15 लोगों का आधार कार्ड, पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर प्राप्त करें. कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल बक्सर पर्यवेक्षण कर पंडालों की गुणवत्ता सुनिश्चित करायेंगे. रावण वध के पूर्व किला मैदान, बक्सर में वॉच टावर का निर्माण कराना सुनिश्चित करेंगे.

बिजली के तार को किया जायेगा दुरूस्त

कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति प्रमंडल निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई तथा पंडाल के मार्गों में लुज एवं नंगे बिजली के तारों की जांच कर ससमय दुरूस्त करा लेंगे. इस आशय का प्रमाण पत्र भी देंगे. साथ ही जिला अग्निशाम पदाधिकारी दुर्गापूर्जा, भरत मिलाप की समाप्ति तक बक्सर एवं डुमरांव अनुमंडल में सभी अग्निशमन वाहन के साथ अग्निकों को तैयार हालत में रखेंगे. साथ ही पंडालों का फायर एंड सेफ्टी ऑडिट कर अनापत्ति प्रमाण पत्र देंगे.

मुख्य चौक-चौराहों पर नियुक्त किये जायेंगे दंडाधिकारी

पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि सभी मुख्य चौक-चौराहो एवं मार्गों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. सभी थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया कि बाइक गश्ती के माध्यम से दुर्गापूजा पर्व के दौरान विधि व्यवस्था पर नजर बनाये रखेंगे. सोशल मीडिया पर किसी भी आपत्तिजनक पोस्ट पर अविलंब संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेंगे. पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि प्रतिमा विसर्जन जुलूस में थानाध्यक्ष के माध्यम से पुलिस स्कॉट की व्यवस्था की जायेगी. विसर्जन के लिए नदी में नावों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. पुलिस उपाधीक्षक यातायात, बक्सर के माध्यम से ट्रैफिक प्लान का निर्धारण सुनिश्चित करेंगे. रावण वध के पूर्व किला मैदान, बक्सर में परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र, बक्सर के माध्यम से एंटी-सबोटेज जांच कराना सुनिश्चित करेंगे. पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि सभी पंडालों के आसपास पुलिस बल एवं पेट्रोलिंग पार्टी की प्रतिनियुक्ति की जायेगी. साथ ही अनुमंडल एवं थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक ससमय कर ली जाये. बैठक में उपविकास आयुक्त बक्सर, अपर समाहर्ता बक्सर, जिला परिवहन पदाधिकारी बक्सर, विशेष कार्य पदाधिकारी बक्सर, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर/डुमरांव, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा बक्सर, जिलास्तरीय पदाधिकारी, जिलास्तरीय शांति समिति के सदस्य शामिल रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >