Buxar News: बक्सर के नगर भवन में शुक्रवार को जिला प्रशासन और जिला नियोजनालय के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेले का सफल आयोजन किया गया. इस रोजगार मेले का विधिवत उद्घाटन सदर विधायक आनंद मिश्रा, श्रम अधीक्षक और जिला नियोजन पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. 'नियोजक आपके द्वार' कार्यक्रम के तहत आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना था.
742 अभ्यर्थियों ने जमा किया बायोडाटा, कई को मिला ऑफर लेटर
इस रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 22 निजी कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए थे, जिनमें 1000 से अधिक पदों पर रिक्तियां उपलब्ध थीं. मेले में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी और कुल 742 अभ्यर्थियों ने रोजगार के लिए अपना बायोडाटा (रिज्यूमे) जमा किया. साक्षात्कार और प्रथम स्तर की स्क्रूटनी के बाद कंपनियों ने 387 योग्य अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया. मौके पर ही एसआईएस (SIS) सहित कई प्रमुख कंपनियों ने चयनित युवाओं के बीच ऑफर लेटर का वितरण भी किया, जिससे अभ्यर्थियों के चेहरे खिल उठे.
मार्गदर्शन के साथ स्थानीय स्टार्टअप को भी मिला मंच
मेले में सिर्फ रोजगार ही नहीं, बल्कि युवाओं के करियर मार्गदर्शन पर भी विशेष ध्यान दिया गया. राजकीय आईटीआई द्वारा लगाए गए स्टॉल पर 21 युवाओं को उनके भविष्य और कौशल विकास से जुड़ी व्यावसायिक काउंसलिंग दी गई. इसके अतिरिक्त, जिले में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की पहल के तहत दो स्थानीय स्टार्टअप कंपनियों को भी अपने उत्पादों एवं गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के लिए मुफ्त स्टॉल उपलब्ध कराए गए.
विधायक की नसीहत: शुरुआत में कार्य-कुशलता पर दें ध्यान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक आनंद मिश्रा ने युवाओं से रोजगार मेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को एक अहम सलाह देते हुए कहा कि करियर की शुरुआत में पैकेज से ज्यादा अपनी कार्य-कुशलता और व्यावहारिक प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) पर ध्यान दें. उन्होंने कहा कि युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार क्षेत्र का चयन करें, जिससे वे भविष्य में स्थायी और सफल रोजगार प्राप्त कर सकें.
