बक्सर : भारतीय रेलवे यात्रियों को हर तरह की सुविधा देने के लिए तरह-तरह से पहल कर रही है. यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए विभाग ने एक ठोस कदम उठाया है. विभाग ने दानापुर-मुगलसराय रेलखंड के छोटे स्टेशनों पर बने रिजर्वेशन काउंटरों को अब रविवार को भी खोलने का निर्णय लिया है. डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर ने दानापुर रेलखंड के डुमरांव, बिहटा, फुलवारीशरीफ पर बने रिजर्वेशन काउंटरों को रविवार यानी नौ जून से खोलने का आदेश दिया है.
रविवार के दिन रिजर्वेशन काउंटर सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर के दो बजे तक खुला रहेंगे. वहीं अन्य दिन सुबह आठ बजे से लेकर रात आठ बजे तक खुला रखने का निर्देश दिया है. साथ ही सभी स्टेशनों पर सफाई करने का भी निर्देश दिया है. डीआरएम ने स्टेशनों पर पानी और रहने की भी अच्छी व्यवस्था रखने का निर्देश दिया है. पीआरओ संजय कुमार ने बताया कि डुमरांव, बिहटा, फुलवारीशरीफ स्टेशन पर बने रिजर्वेशन काउंटर पहले रविवार को नहीं खुला रहते थे. डीआरएम रंजन प्रकाश ठाकुर के आदेश पर नौ जून से इन सभी स्टेशनों पर रविवार को भी यात्री रिजर्वेशन करा सकते हैं.
