परेशानी. आंदोलकारियों ने ट्रैक किया जाम, थमी ट्रेनों की रफ्तार
अप में ढाई बजे बक्सर पहुंची पहली ट्रेन
बक्सर : बुधवार का दिन रेल यात्रियों के लिए परेशानी भरा दिन रहा. दानापुर-मुगलसराय रेलखंड पर जमीरा हाॅल्ट के समीप ट्रैक जाम होने के कारण ट्रेनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया. आंदोलनकारियों ने दानापुर-मुगलसराय रेलखंड पर पूरी तरह से कब्जा जमा लिया. इससे रेल यातायात बाधित हो गया और यात्री परेशान हो गये. रेलवे ट्रैक जाम होने से करीब 20 ट्रेनें प्रभावित रहीं. ट्रेनों के प्रभावित होने से बक्सर स्टेशन पर यात्री परेशान रहे. वहीं रेलवे प्रशासन की तरफ से यात्रियों को किसी तरह की सूचना नहीं दी जा रही थी. ट्रेनों के लेट होने से यात्री जब पूछताछ काउंटर पर जाते तो वहां कुछ नहीं बताया जाता. ट्रेनों के लेट होने से बच्चे ज्यादा वृद्ध और बच्चे परेशान दिखे. करीब चार घंटे के बाद ट्रेनों का परिचालन शुरू होने से यात्रियों में उत्साह दिखा.
डुमरांव में आधा घंटा तक खड़ी रही दादर भागलपुर एक्सप्रेस: दानापुर बक्सर रेलखंड पर अप और डाउन ट्रेनों के परिचालन पर बुधवार को गहरा असर पड़ा. रेल परिचालन के बाधित होने से स्थानीय स्टेशन पर रेल यात्रियों को काफी फजीहत उठानी पड़ी. इस दौरान डुमरांव स्टेशन पर डाउन में भागलपुर दादर एक्सप्रेस करीब आधा घंटे तक रुकी रही. ट्रेनों के आवागमन बाधित होने से दूर दराज के यात्री देर तक अपने परिजनों के साथ डुमरांव स्टेशन पर पड़े रहे. कई यात्रियों ने बताया कि सुबह के दस बजे से ही ट्रेनों के इंतजार में खड़े रहे. लेकिन विभाग द्वार ट्रेनों के आवागमन को लेकर सही तरीके से सूचना नहीं दी जा रही थी. ऐसी स्थिति में यात्रियों के बीच उहापोह की स्थिति बनी रही. स्थानीय स्टेशन पर शौचालय व पानी की भारी किल्लत के कारण खासकर महिला यात्रियों को काफी मुश्किलें उठानी पड़ी. दोपहर करीब एक बजे के आसपास परिचालन सुचारू रूप से चालू होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली. इस दौरान डुमरांव के साथ ही आसपास के टुड़ीगंज, रघुनाथपुर, बरूना आदि स्टेशनों पर ट्रेनें खड़ी रहीं.
