बक्सर : साइबर क्राइम की घटनाएं इन दिनों बढ़ती जा रही है. मामले में पुलिस भी संसाधनों का रोना ही रोती नजर आती है. साइबर ठगी का एक और प्राथमिकी नगर थाने में दर्ज करायी गयी है. इस बार ठगों ने भारतीय खाद्य निगम बक्सर में कार्यरत एक कर्मी के साथ साइबर ठगी की घटना को अंजाम दिया है. दरअसल भारतीय खाद्य निगम बक्सर में कार्यरत शेखो राय का बैंक खाता नयी बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में है. ठग ने 30 अक्तूबर को उनके मोबाइल फोन पर फोन कर कहा कि वह स्टेट बैंक का प्रबंधक बोल रहा है तथा उनके एटीएम कार्ड में कुछ खराबी आ गयी है, जिसको ठीक करने के लिए आधार नंबर देना होगा.
उन्होंने झट से अपना आधार नंबर फोन करनेवाले व्यक्ति को बता दिया. इसके बाद धीरे-धीरे करके उनके खाते से 80 हजार रुपये की निकासी कर ली गयी. अगले दिन जब वह बैंक पहुंचे और पासबुक अपडेट कराये तो मामले का खुलासा हुआ. मामले में उन्होंने अज्ञात ठग के विरुद्ध नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
