डुमरांव : रविवार की रात चोरों ने एक मोबाइल दुकान की दीवार काटकर करीब पचास हजार रुपये के मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया. घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के टुड़ीगंज बाजार की है. इस मामले में व्यवसायी रेहियां निवासी विजय कुमार मिश्रा ने स्थानीय थाने में अज्ञात उचक्कों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस मामले को दर्ज कर चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में भय का माहौल बन गया है.
दुकानदार रतजगा कर अपनी दुकानों की हिफाजत कर रहे हैं. रेहियां निवासी विजय कुमार की टुड़ीगंज बाजार में विजया मोबाइल सेंटर के नाम से दुकान है. व्यवसायी रविवार की शाम को दुकान बंद कर घर चल गया. रात्रि प्रहर चोरों ने दुकान की दीवार काटकर अंदर प्रवेश कर गये और दुकान में रखे गये मोबाइल, कंप्यूटर सहित अन्य सामान को लेकर फरार हो गये. सोमवार की सुबह में जब इस घटना की जानकारी मिली तो व्यवसायी घटनास्थल पहुंचा और इसकी तत्काल सूचना थाने को दी. व्यवसायी ने बताया कि इससे पहले भी दुकान में चोरी का प्रयास किया गया था. थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि इस घटना में शामिल लोगों की तलाश जारी है. पुलिस जल्द ही इसका खुलासा करेगी.
