वारदात. रिटायर्ड इंजीनियर, शिक्षक व पत्रकार को भी अपराधियों ने बनाया निशाना
जिले में लूट व चोरी की घटनाएं बढ़ गयीं हैं. मंगलवार की रात चोरों ने चीनी मिल स्थित तीन घरों से लाखों की चोरी कर पुलिस गश्त की पोल खोल दी तो वहीं रिटायर्ड शिक्षक से लूट कर अपराधियों ने दहशत फैला दिया .
बक्सर : नगर थाना क्षेत्र के चीनी मिल स्थित तीन घरों से लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति मंगलवार की रात चोरों ने गायब कर दी. चोर सीढ़ी के सहारे घरों में प्रवेश किये थे.
चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हो गये. गृहस्वामी की नींद खुलने के बाद घर में बिखरे पड़े सामान को देख उनके होश उड़ गये. इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए घटना में शामिल चोरों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है.
जानकारी के अनुसार बाजार समिति रोड स्थित रिटायर्ड इंजीनियर शिव मोहन यादव तथा ब्रह्मेश्वर सिंह एवं पत्रकार राम इकबाल ठाकुर के घर में सीढ़ी के सहारे चोर घुसकर घर में रखे तीन लाख रुपये के गहने एवं दस हज़ार नगद की चोरी कर लिये. वहीं, बरमेश्वर सिंह के घर से दस हजार नगद एवं मोबाइल, पत्रकार राम एकबाल ठाकुर के घर से तीन हजार रुपये नगद एवं मोबाइल तथा समाचार पत्र कार्यालय की चाबियां एवं कपड़ों की चोरी कर ली.
नावानगर : हथियार के बल पर अपराधियों ने रिटायर्ड शिक्षक से 40 हजार रुपये लूट लिये. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए फरार हो गये.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. वहीं, शिक्षक के बयान पर एफआईआर दर्ज कर ली गयी है. जानकारी के अनुसार पनियारी गांव निवासी पन्ना लाल रजक यूको बैंक से 40 हजार रुपये निकाल कर साइकिल से अपने गांव पनियारी जा रहे थे.
इसी दौरान बैंक से ही रेकी कर रहे बाइक सवार अपराधियों ने पनियारी गांव के समीप रिटायर्ड शिक्षक की साइकिल में धक्का मारकर गिरा दिया. इसके बाद हथियार के बल पर 40 हजार रुपये और मोबाइल लेकर फरार हो गये. बुधवार की देर शाम हुई इस घटना से सभी लोग सन्न हैं. पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही है. विदित हो कि इसके पहले भी इस मार्ग पर कई लूट की घटनाओं को अपराधी अंजाम दे चुके हैं.
