बक्सर : बक्सर रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक में एक आटों ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे गेट का पाइप टूट गया. गेट का पाइप टूटने से क्रॉसिंग के फाटक को बंद करने में परेशानी होने लगी. इस गड़बड़ी को दूर करने में काफी समय लगा. इसके बाद करीब एक घंटे के बाद परिचालन को शुरू किया. वहीं, इस घटना में ऑटोचालक को आरपीएफ ने गिरफ्तार कर लिया.
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सोमवार करीब दोपहर बारह बजे उक्त ट्रेनों के आगमन की सूचना पर गेटमैन फाटक बंद कर रहा था, तभी बक्सर की तरफ से आ रहे एक अनियंत्रित ऑटो ने गेट में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद ऑटोचालक ऑटो को लेकर भाग गया. गेट मेन ने ऑटो का नंबर लिख लिया.
वहीं, आरपीएफ के जवानों ने किसी तरह से ऑटोचालक को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद दूसरा लोहे का पाइप लगाकर अस्थायी रूप से गेट को बंद किया गया. इसके लिए रेलवे ने क्रॉसिंग पर मानव बल को लगाया था, ताकि ट्रेनों के आवागमन के समय कोई यात्री या वाहन रेलवे लाइन क्रॉस न करें.
