ड्राइवर और चालक को अगवा कर अनाज से भरा ट्रक लूटा गया था
नावानगर : रोहतास के नासिरीगंज से लूटा गया ट्रक और अनाज को नावानगर से पुलिस ने बरामद कर लिया. लूट के बाद सारा अनाज एक बंद पड़ी राइस मिल में रखा गया था.
इस मामले में मिल के गार्ड भोला सिंह को गिरफ्तार किया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है. ट्रक नावानगर से गेहूं लेकर धनबाद जा रहा था.
इसी दौरान 22 सितंबर को नासिरीगंज थाना के अमियावत गांव के समीप हथियार बंद स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने चालक और उपचालक को अगवा कर ट्रक को लूट लिया था. कुछ घंटे के बाद चालक और उपचालक को छोड़ दिया गया. जिसकी जानकारी ड्राइवर ने पुलिस को दी. रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि डेहरी थाना के मकराई गांव के पास लावारिस हालत में एक ट्रक पड़ा हुआ है. पुलिस ने वहां छापेमारी की, तो पता चला कि लूटा गया यह ट्रक है.
ट्रक डेहरी और अनाज परमापुर से हुआ बरामद
ड्राइवर और खलासी को अगवा करने के बाद ट्रक को लेकर लुटेरे परमानपुर गांव के एक बंद पड़ी राइस मिल में गये, जहां उन्होंने अनाज उतार दिया और ट्रक को लेकर डेहरी थाना क्षेत्र के मकराई गांव के पास खड़ा कर दिया.
इससे एक बात तो साफ हो जाती है कि ट्रक को धनबाद जाने की जानकारी लुटेरों को पहले से थी. नावानगर थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि लूटा गया गेहूं परमानपुर के राइस मिल से बरामद हुआ है. राइस मिल के मालिक पर भी कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है.
पूछताछ में खुले कई राज, छापेमारी जारी
गार्ड से पुलिस पूछताछ कर उसकी निशानदेही पर घटना में शामिल लुटेरों की गिरफ्तारी को लेकर लगी हुई है. ट्रक से गेहूं की खेप धनबाद भेजी जा रही थी. इधर जब्त अनाज की भी जांच की जा रही है कि अनाज कालाबाजारी के लिए तो नहीं ले जाया रहा था. इधर, पुलिस ने लुटेरों की गिरफ्तारी को लेकर कई जगहों पर छापेमारी भी की है.
